Call Me Bae Season 2: फिर लौटेगी अनन्या पांडे की 'बे', नई कहानी में श्रुति हासन की भी एंट्री; जानें कब आएगी सीरीज
अनन्या पांडे की चर्चित वेब सीरीज 'कॉल मी बे' के दूसरे सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए अच्छी खबर है। प्राइम वीडियो ने सीरीज के नए सीजन के वर्ल्डवाइड स्ट्रीमिंग प्रीमियर की घोषणा कर दी है। आठ एपिसोड वाली यह सीरीज एक बार फिर ह्यूमर, ग्लैमर, दोस्ती और रिश्तों की उलझनों के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है।
नए सीजन में बे की जिंदगी पहले से ज्यादा दिलचस्प और उलझी हुई होने वाली है। इस बार उसे अपने दिल की सुनने के साथ-साथ दोस्ती और रिश्तों के बीच संतुलन बनाने की चुनौती का सामना करना पड़ेगा। कहानी में सिस्टरहुड यानी बहनों के बीच दोस्ती और भावनात्मक जुड़ाव भी देखने को मिलेगा।
दूसरे सीजन में अनन्या पांडे के साथ नजर आएंगी श्रुति हासन
'कॉल मी बे' के दूसरे सीजन में अनन्या पांडे एक बार फिर मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी। इस बार कलाकारों की टीम में श्रुति हासन भी शामिल हो गई हैं। उनके अलावा वीर दास, गुरफतेह पीरजादा, वरुण सूद, विहान समत, मुस्कान जाफरी, निहारिका लायरा दत्त, लिसा मिश्रा और मिनी माथुर भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे।
नई कास्ट और पुराने किरदारों के साथ सीरीज में रिश्तों, दोस्ती, प्यार और जिंदगी की चुनौतियों का नया रंग देखने को मिलेगा।
कॉलिन डी'कुन्हा करेंगे सीरीज का निर्देशन
'कॉल मी बे' के दूसरे सीजन का निर्देशन कॉलिन डी'कुन्हा कर रहे हैं। सीरीज को इशिता मोइत्रा ने क्रिएट किया है। इसकी कहानी इशिता मोइत्रा, समीना मोटलेकर, रोहित नायर और नित्तल चंद्रराणा ने लिखी है।
इस सीरीज को धर्माटिक एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया जा रहा है। करण जौहर, अदार पूनावाला और अपूर्व मेहता इसके निर्माता हैं, जबकि सोमेन मिश्रा और कॉलिन डी'कुन्हा एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
करण जौहर ने बताया क्या होगा नए सीजन में खास
सीरीज के निर्माता करण जौहर ने कहा कि पहले सीजन को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। बे की उतार-चढ़ाव भरी जिंदगी और अपनी शर्तों पर जीने के उसके अंदाज से दर्शकों ने खास जुड़ाव महसूस किया।
करण जौहर के मुताबिक, दूसरे सीजन में बे की जिंदगी के कुछ नए पहलुओं को दिखाया जाएगा। हालांकि, उसके किरदार का मजेदार अंदाज, भावनाएं और बेबाकी पहले की तरह बरकरार रहेगी। उन्होंने कहा कि इस बार बे और उसकी बहनें हंसी, इमोशन और कई दिलचस्प घटनाओं से भरे नए सफर पर निकलेंगी।
आठ एपिसोड में देखने को मिलेगी बे की नई कहानी
आठ एपिसोड वाली 'कॉल मी बे' का दूसरा सीजन पहले सीजन की कहानी को आगे बढ़ाएगा। इसमें ग्लैमर और कॉमेडी के साथ रिश्तों की जटिलताओं और दोस्ती की अहमियत को भी दिखाया जाएगा।
प्राइम वीडियो की इस घोषणा के बाद सीरीज को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। हालांकि, इसकी रिलीज की सटीक तारीख की जानकारी अलग से घोषित होने पर ही स्पष्ट होगी।

