Buldozer Wali Saas Trailer: रिलीज हुआ भोजपुरी फिल्म 'बुलडोजर वाली सास' का ट्रेलर, परिवार के झगड़ों के बीच दमदार अंदाज में दिखीं ऋतु पांडे
भोजपुरी सिनेमा की नई फिल्म 'बुलडोजर वाली सास' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म के नाम से ही कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ती है। ट्रेलर में पारिवारिक झगड़े, आर्थिक परेशानियां और रिश्तों में बढ़ती कड़वाहट देखने को मिलती है। कहानी एक ऐसी सास के इर्द-गिर्द घूमती है, जो परिवार में चल रहे विवादों के बीच रिश्तों को टूटने से बचाने की कोशिश करती है।
एडवाइज मूवीज प्रस्तुत इस फिल्म में सास का किरदार काफी दमदार नजर आ रहा है। घर में लगातार बढ़ते मतभेदों के कारण हालात इतने बिगड़ जाते हैं कि परिवार के बंटवारे तक की नौबत आ जाती है। ऐसे मुश्किल समय में सास पूरे परिवार को एकजुट रखने की जिम्मेदारी उठाती है।
परिवार के झगड़ों के बीच सास का दिखेगा दमदार अंदाज
'बुलडोजर वाली सास' के ट्रेलर में एक परिवार की कहानी दिखाई गई है, जहां छोटी-छोटी बातों से शुरू हुए विवाद धीरे-धीरे बड़े झगड़ों का रूप ले लेते हैं। आर्थिक तंगी और आपसी मनमुटाव के कारण रिश्तों में दूरियां बढ़ने लगती हैं।
ऐसे हालात में सास हार मानने के बजाय परिवार को संभालने के लिए आगे आती है। फिल्म में उसका हौसला, फैसले लेने की क्षमता और परिवार के प्रति जिम्मेदारी कहानी को दिलचस्प बनाते हैं। फिल्म का नाम भले ही 'बुलडोजर वाली सास' हो, लेकिन कहानी में उसका असली दम रिश्तों को बचाने के संघर्ष में दिखाई देता है।
ऋतु पांडे और प्रिंस सिंह राजपूत समेत ये कलाकार आएंगे नजर
फिल्म में ऋतु पांडे, प्रिंस सिंह राजपूत, पायस पंडित, हीरालाल यादव, अनिल कृष्णा, विजय लक्ष्मी सिंह, शिवानी सिंह और कुणाल सोनी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म का निर्माण रविन्द्र सिंह ने किया है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी रितेश ठाकुर ने संभाली है। फिल्म का संगीत भी रितेश ठाकुर ने तैयार किया है। इसके गीत चंदन बाबू और नवीन श्रीवास्तव ने लिखे हैं। वहीं, फिल्म की कहानी विशाल पांडेय ने लिखी है।
निर्माता ने बताई फिल्म की खासियत
निर्माता रविन्द्र सिंह के मुताबिक, 'बुलडोजर वाली सास' सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह परिवार और रिश्तों की अहमियत को भी सामने लाने की कोशिश करती है। उनका मानना है कि आज छोटी-छोटी बातों पर परिवारों में विवाद बढ़ जाते हैं और कई बार रिश्ते टूटने की कगार पर पहुंच जाते हैं।
फिल्म के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि मुश्किल परिस्थितियों में आपसी समझ, धैर्य और परिवार के प्रति जिम्मेदारी बेहद जरूरी है।
यहां देखें 'बुलडोजर वाली सास' का ट्रेलर
भोजपुरी फिल्म 'बुलडोजर वाली सास' का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। इसमें पारिवारिक ड्रामा, रिश्तों के टकराव और सास के संघर्ष की झलक देखने को मिलती है। अब दर्शकों को फिल्म की रिलीज का इंतजार है।

