बॉक्स ऑफिस के 'सिंघम' : कभी असिस्टेंट डायरेक्टर थे रोहित शेट्टी, पिता से मिली 'एक्शन किंग' बनने की प्रेरणा
मुंबई, 13 मार्च (आईएएनएस)। गोलमाल’, ‘सिंघम’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाले निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी आज के समय में फिल्म इंडस्ट्री के एक्शन किंग कहलाते हैं। एक्शन से भरपूर सीन्स, ढिशूम ढिशूम और उड़ती गाड़ियां उनकी फिल्मों के पर्याय बन चुके हैं। लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि फर्श से अर्श का सफर तय करने वाले रोहित शेट्टी के पिता ही उनकी प्रेरणा रहे।
पिता एम.बी. शेट्टी के स्टंटमैन लाइफ और चोटों से भरे अनुभवों ने रोहित के मन में एक्शन के प्रति गहरा जुनून पैदा किया। बचपन में पिता को खून-खराबे और टांकों के साथ घर लौटते देखकर रोहित ने तय किया कि वे एक्शन फिल्में बनाएंगे, जो दर्शकों को रोमांच से भर दें। आज उनकी फिल्में करोड़ों कमाती हैं और एक्शन का नया मानक स्थापित करती हैं।
14 मार्च को जन्मे रोहित के पिता एम.बी. शेट्टी 1970-80 के दौर के मशहूर स्टंटमैन, एक्शन कोरियोग्राफर और विलेन थे। वहीं, उनकी मां रत्ना शेट्टी जूनियर आर्टिस्ट और स्टंट वुमन थीं, जिन्होंने हेमा मालिनी जैसी अभिनेत्रियों के लिए स्टंट डबल किए, जैसे 'सीता और गीता' में। रोहित महज 7-8 साल के थे जब 1982 में पिता की मौत हो गई। परिवार पर गहरा आर्थिक संकट छा गया। मां ने अकेले संघर्ष किया और रोहित को भी फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने का रास्ता दिखाया।
17 साल की उम्र में 1991 में रोहित ने 'फूल और कांटे' से करियर शुरू किया। वे निर्देशक कुकू कोहली के साथ असिस्टेंट डायरेक्टर बने। इसी फिल्म में अजय देवगन ने डेब्यू किया। रोहित-अजय की दोस्ती शुरू हुई, जो आगे कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों का आधार बनी। शुरुआती दिनों में रोहित ने 'हकीकत' में तब्बू की साड़ियां प्रेस कीं, काजोल के स्पॉट बॉय बने, 'सुहाग' में अक्षय कुमार के स्टंट डबल रहे। कई बार पैदल मीलों चलकर सेट पहुंचते थे और भूखे भी रहते थे। इसका जिक्र उन्होंने खुद एक इंटरव्यू में किया था।
साल 2003 में 30 साल की उम्र में रोहित ने पहली फिल्म 'जमीन' डायरेक्ट की, लेकिन यह सफल नहीं हो पाई। इसके बाद उन्हें काम मिलना मुश्किल हो गया। लेकिन हार नहीं मानी। साल 2006 में 'गोलमाल' आई, जिसने कॉमेडी में तहलका मचा दिया। 'गोलमाल' सीरीज आज भी सबसे लोकप्रिय फ्रेंचाइजी में शुमार है। 2011 में 'सिंघम' ने रोहित को एक्शन का बादशाह बना दिया। इसके बाद 'चेन्नई एक्सप्रेस', 'सिंघम रिटर्न्स', 'सिम्बा', 'सूर्यवंशी' और 'सिंघम अगेन' ने बॉक्स ऑफिस धमाल मचा दिया।
रोहित शेट्टी की फिल्में एक्शन, कॉमेडी और इमोशन्स का शानदार मिश्रण रही हैं। हालांकि, रोहित फिल्मों तक सीमित नहीं हैं। वह स्टंट बेस्ड शो 'फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी' को होस्ट कर चुके हैं और 'कॉमिडी सर्कस' में जज भी रहे।
--आईएएनएस
एमटी/डीएससी

