Box Office: ‘दृश्यम 3’ ने मंडे टेस्ट किया पास, 4 दिन में 197 करोड़ पार; 200 करोड़ से बस इतनी दूर
अजय देवगन की क्राइम थ्रिलर ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार रफ्तार से आगे बढ़ रही है। फिल्म ने रिलीज के पहले तीन दिनों में ही 150 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया था। अब पहले सोमवार को वीकडेज की वजह से कमाई में गिरावट के बावजूद फिल्म ने डबल डिजिट में कारोबार किया है।
सोमवार को हुई 21 करोड़ की कमाई
अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी ‘दृश्यम 3’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की कहानी को फ्रेंचाइजी का आखिरी चैप्टर बताया जा रहा है, जिसका फायदा इसके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में भी नजर आ रहा है।
फिल्म ने पहले दिन 62 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग की थी। दूसरे दिन यानी शनिवार को कलेक्शन थोड़ा कम हुआ और फिल्म ने 53.50 करोड़ रुपये कमाए। रविवार को छुट्टी का फायदा मिला और कमाई बढ़कर 61 करोड़ रुपये पहुंच गई।
इसके बाद सोमवार को कलेक्शन में स्वाभाविक गिरावट आई। सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने चौथे दिन यानी पहले सोमवार को करीब 21 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
4 दिन में 197.50 करोड़ का नेट कलेक्शन
सोमवार की कमाई जुड़ने के बाद ‘दृश्यम 3’ का भारत में कुल नेट कलेक्शन 197.50 करोड़ रुपये हो गया है।
यानी फिल्म अब 200 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने से सिर्फ 2.50 करोड़ रुपये दूर है। मंगलवार को सामान्य कमाई के साथ ही फिल्म इस आंकड़े को पार कर सकती है।
200 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली बड़ी फिल्मों में होगी एंट्री
अगर ‘दृश्यम 3’ 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करती है, तो यह 2026 की उन चुनिंदा फिल्मों में शामिल हो जाएगी, जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।
इसके अलावा फिल्म जल्द ही ‘भूत बंगला’ के 199.23 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ सकती है। इससे ‘दृश्यम 3’ साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में और ऊपर पहुंच जाएगी।
2026 की टॉप 10 फिल्मों में ‘दृश्यम 3’ की जगह
चार दिनों की कमाई के बाद ‘दृश्यम 3’ 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में छठे स्थान पर पहुंच गई है।
रैंक फिल्म कलेक्शन
1 धुरंधर 2 ₹1186.32 करोड़
2 बॉर्डर 2 ₹362.76 करोड़
3 हनुमान अंश ₹324.73 करोड़
4 मिर्जापुर द मूवी ₹233.07 करोड़
5 भूत बंगला ₹199.23 करोड़
6 दृश्यम 3 ₹197.50 करोड़
7 धमाल 4 ₹177.92 करोड़
8 आवारापन 2 ₹156.12 करोड़
9 टॉक्सिक (हिंदी) ₹143.92 करोड़
10 वेलकम टू द जंगल ₹137.93 करोड़
फिलहाल ‘दृश्यम 3’ की नजर 200 करोड़ के आंकड़े पर है। मंगलवार का कलेक्शन यह तय करेगा कि फिल्म कितनी तेजी से इस क्लब में शामिल होती है और इसके बाद टॉप फिल्मों की रैंकिंग में उसकी स्थिति क्या रहती है।

