Samachar Nama
×

Box Office Collection: नई फिल्मों की एंट्री से मचा घमासान, 'द पैराडाइज' ने दिखाया दम; 'मिर्जापुर द मूवी' और 'हनुमान अंश' भी डटे
 

Box Office Collection: नई फिल्मों की एंट्री से मचा घमासान, 'द पैराडाइज' ने दिखाया दम; 'मिर्जापुर द मूवी' और 'हनुमान अंश' भी डटे

25 सितंबर, शुक्रवार को बॉक्स ऑफिस पर कई फिल्मों के बीच मुकाबला देखने को मिला। एक तरफ सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की 'द वन' ने सिनेमाघरों में दस्तक दी, तो दूसरी ओर एक दिन पहले रिलीज हुई 'द पैराडाइज' अपनी कमाई से चर्चा में रही। इसके अलावा 'मिर्जापुर द मूवी', 'हनुमान अंश', 'दायरा' और 'वाइब' भी टिकट खिड़की पर दर्शकों को आकर्षित करने की कोशिश कर रही हैं। आइए जानते हैं शुक्रवार को किस फिल्म ने कितनी कमाई की।
'द वन' की शुरुआत 8 करोड़ रुपये से
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया स्टारर हॉरर-माइथोलॉजिकल फिल्म 'द वन' ने रिलीज के पहले दिन ठीक-ठाक शुरुआत की। हालांकि फिल्म पहले दिन डबल डिजिट में पहुंचने में कामयाब नहीं रही।
सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने शुक्रवार को भारत में करीब 8 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। वहीं इसका ग्रॉस कलेक्शन लगभग 9.60 करोड़ रुपये रहा।
'द पैराडाइज' की दूसरे दिन कमाई में गिरावट
श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी 'द पैराडाइज' ने ओपनिंग डे पर मजबूत शुरुआत की थी। फिल्म ने पहले दिन 34.65 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। पेड प्रीव्यू से भी फिल्म ने करीब 11.60 करोड़ रुपये जुटाए थे।
हालांकि दूसरे दिन कमाई में गिरावट देखने को मिली। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने शुक्रवार को भारत में 14.90 करोड़ रुपये नेट कमाए। इसके साथ ही दो दिनों में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 61.15 करोड़ रुपये हो गया है। इसका ग्रॉस कलेक्शन करीब 72.50 करोड़ रुपये बताया गया है।
'दायरा' की कमाई दूसरे हफ्ते में बेहद कम
करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की फिल्म 'दायरा' बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है। फिल्म ने पहले सप्ताह में 6.30 करोड़ रुपये कमाए थे। दूसरे हफ्ते में पहुंचने के बाद इसकी कमाई और नीचे आ गई।
फिल्म ने रिलीज के आठवें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को करीब 0.13 करोड़ रुपये नेट कमाए। इसके साथ ही आठ दिनों में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 6.43 करोड़ रुपये हो गया है।


'वाइब' ने 8वें दिन कमाए इतने करोड़
कुणाल खेमू की 'वाइब' का प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक मजबूत नहीं रहा है, लेकिन फिल्म ने 'दायरा' की तुलना में बेहतर कारोबार किया है। पहले सप्ताह में फिल्म ने 11.25 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के आठवें दिन फिल्म ने करीब 0.85 करोड़ रुपये नेट कमाए। इसके बाद भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 12.10 करोड़ रुपये हो गया है।
'मिर्जापुर द मूवी' की कमाई पर नई रिलीज का असर
'मिर्जापुर द मूवी' ने अब तक बॉक्स ऑफिस पर मजबूत प्रदर्शन किया है। हालांकि चौथे शुक्रवार को सिनेमाघरों में नई फिल्मों की मौजूदगी का असर इसकी कमाई पर दिखाई दिया।
फिल्म ने रिलीज के 22वें दिन यानी चौथे शुक्रवार को करीब 1 करोड़ रुपये नेट कमाए। इसके साथ ही 22 दिनों में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 223.80 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
50वें दिन भी 'हनुमान अंश' की कमाई जारी
'हनुमान अंश' सिनेमाघरों में अपने आठवें सप्ताह में पहुंच चुकी है। कई नई फिल्मों की रिलीज के बावजूद फिल्म की कमाई पूरी तरह थमी नहीं है।
रिलीज के 50वें दिन यानी आठवें शुक्रवार को फिल्म ने करीब 3.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म की 50 दिनों की कुल नेट कमाई 291.53 करोड़ रुपये हो गई है।
 

Share this story

Tags