पत्नी की प्रेग्नेंसी, पैसों की तंगी और अमीर बनने की चाह... जयपुर में 37 लाख की ज्वेलरी लूट का खुलासा, फुटेज में देंखे 3 आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान की राजधानी जयपुर में ज्वेलर से करीब 37 लाख रुपये के गहने लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसकी पत्नी गर्भवती थी, घर की आर्थिक स्थिति खराब थी और वह जल्द पैसे कमाकर अमीर बनना चाहता था। इसी लालच में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।घटना 3 जुलाई को खोरा बीसल थाना क्षेत्र में हुई थी, जहां आरोपियों ने ज्वेलर पर हमला कर उसके हाथ तोड़ दिए थे और गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे।
3 आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार
डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड कमलेश कुमार बाज्या, अशोक मीणा उर्फ गोलू और विशाल मीणा को गिरफ्तार किया है।हीं, मामले का एक अन्य आरोपी जितेंद्र शर्मा अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गहने पिघलाकर बना दी चांदी की सिल्ली
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लूटे गए गहनों को बेचने की बजाय उन्हें पिघलाकर चांदी की सिल्ली में बदलने की कोशिश कर रहे थे, ताकि पहचान छिपाई जा सके।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिघलाए गए गहनों से बनी चांदी की सिल्ली बरामद कर ली है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई रेंटल कार भी जब्त कर ली गई है।
ज्वेलर पर किया था जानलेवा हमला
लूट के दौरान आरोपियों ने ज्वेलर पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। हमले में उसके हाथ में गंभीर चोट आई थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
आर्थिक तंगी को बताया वजह
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि पत्नी की गर्भावस्था, बढ़ते खर्च और आर्थिक तंगी के कारण उसने अपराध का रास्ता चुना। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आर्थिक समस्याएं किसी भी अपराध का औचित्य नहीं हो सकतीं और मामले में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि लूट की योजना कब और कैसे बनाई गई तथा क्या इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की पूछताछ जारी है और बरामद साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

