Samachar Nama
×

सुशांत सिंह राजपूत के पोस्टमार्टम को लेकर बहन श्वेता सिंह कीर्ति का बड़ा दावा, वीडियो में बोलीं- पैर टूटे थे, आंख के पास चोट थी

सुशांत सिंह राजपूत के पोस्टमार्टम को लेकर बहन श्वेता सिंह कीर्ति का बड़ा दावा, वीडियो में बोलीं- पैर टूटे थे, आंख के पास चोट थी

दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने उनके पोस्टमार्टम को लेकर एक बड़ा दावा किया है। श्वेता ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें हाल ही में ऐसी जानकारी मिली है, जिसके मुताबिक पोस्टमार्टम के दौरान सुशांत के शरीर पर कई चोटों के निशान थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि सुशांत के गले पर स्टन गन के इस्तेमाल के निशान थे।

श्वेता सिंह कीर्ति ने वीडियो में कहा कि उनके भाई के साथ जो हुआ, वह गलत था। उन्होंने दावा किया कि सुशांत का पोस्टमार्टम करने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर बताया है कि अभिनेता के पैर टूटे हुए थे और उनके शरीर पर काफी फोर्स लगाया गया था। श्वेता के मुताबिक, सुशांत की आंखों के पास भी चोट के निशान थे।

श्वेता ने वीडियो में क्या कहा

वीडियो में श्वेता ने कहा कि उन्हें कुछ समय पहले ही इस बारे में पता चला है। उनके मुताबिक, पोस्टमार्टम करने वाले शख्स ने सुशांत के शरीर पर स्टन गन के इस्तेमाल की बात कही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अभिनेता के पैरों में चोट थी और उनके साथ काफी बल प्रयोग किया गया था।हालांकि, श्वेता ने अपने बयान में यह स्पष्ट नहीं किया कि पोस्टमार्टम करने वाले व्यक्ति ने सीधे उनसे बात की थी या किसी जांच एजेंसी अथवा अन्य आधिकारिक संस्था के सामने ऐसी कोई जानकारी दी थी।

दावों के समर्थन में कोई साक्ष्य नहीं दिखाया

श्वेता सिंह कीर्ति ने वीडियो में जिन बातों का जिक्र किया है, उनके समर्थन में उन्होंने कोई दस्तावेज, मेडिकल रिपोर्ट या अन्य साक्ष्य सार्वजनिक रूप से पेश नहीं किए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि उन्हें यह जानकारी किस माध्यम से और किस व्यक्ति से मिली।ऐसे में पोस्टमार्टम से जुड़े इन नए दावों को फिलहाल श्वेता सिंह कीर्ति के बयान के तौ पर ही देखा जा रहा है। इनके आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए स्वतंत्र और आधिकारिक साक्ष्यों की जरूरत होगी।

सुशांत की मौत की जांच पहले भी रही है चर्चा में

सुशांत सिंह राजपूत 14 जून 2020 को मुंबई स्थित अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे। उनकी मौत के बाद मामले की जांच को लेकर लंबे समय तक चर्चा होती रही। इस मामले की जांच मुंबई पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय एजेंसियों ने भी की थी।सुशांत की मौत को लेकर परिवार, प्रशंसकों और अलग-अलग पक्षों की ओर से समय-समय पर कई दावे सामने आते रहे हैं। अब श्वेता सिंह कीर्ति के ताजा बयान के बाद एक बार फिर पोस्टमार्टम से जुड़ी प्रक्रिया और रिपोर्ट को लेकर सवाल चर्चा में हैं।हालांकि, श्वेता के ताजा दावों की स्वतंत्र पुष्टि के लिए आधिकारिक दस्तावेज या संबंधित जांच एजेंसियों की स्पष्ट जानकारी सामने आना जरूरी है।

Share this story

Tags