Samachar Nama
×

रहस्यमयी जंगल में भूतों से भिड़ेंगे सिद्धार्थ मल्होत्रा, दो मिनट के वीडियो में देंखे तमन्ना भाटिया की 'वन' का ट्रेलर रिलीज

रहस्यमयी जंगल में भूतों से भिड़ेंगे सिद्धार्थ मल्होत्रा, दो मिनट के वीडियो में देंखे तमन्ना भाटिया की 'वन' का ट्रेलर रिलीज

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की अपकमिंग फैंटेसी फिल्म 'वन' को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट बढ़ गई है। फिल्म का ट्रेलर मेकर्स ने रिलीज कर दिया है। करीब 2 मिनट 44 सेकंड के इस ट्रेलर में रहस्य, लोककथाओं, आस्था और डर का अनोखा मेल देखने को मिलता है। कहानी एक ऐसे रहस्यमयी और प्रतिबंधित जंगल के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां कदम रखते ही कुछ ऐसी घटनाएं शुरू हो जाती हैं, जिनका जवाब सामान्य दुनिया में ढूंढना मुश्किल है।

छठ पूजा की छुट्टियों में जंगल पहुंचे सिद्धार्थ और तमन्ना

ट्रेलर की शुरुआत सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया के किरदारों की बातचीत से होती है। तमन्ना का किरदार छठ पूजा की छुट्टियों के दौरान जंगल की तरफ जाने की बात करता है। वहीं सिद्धार्थ का किरदार इस जगह पर जाने से बचने के लिए बहाने बनाता नजर आता है।कहानी में तमन्ना के किरदार को विश्वास है कि उन्हें देवी ने खुद बुलाया है। इसी आस्था के चलते वह जंगल की ओर जाने का फैसला करती हैं। इसके बाद फिल्म की कहानी धीरे-धीरे रहस्यमयी मोड़ लेने लगती है।

जंगल में मौजूद है 'वन देवी' का प्राचीन मंदिर

ट्रेलर में जंगल के भीतर एक प्राचीन मंदिर की झलक दिखाई गई है, जिसे 'वन देवी' का मंदिर बताया जाता है। इस मंदिर से जुड़ी पुरानी लोककथाएं और मान्यताएं फिल्म की कहानी का अहम हिस्सा नजर आती हैं। जैसे-जैसे दोनों किरदार जंगल के अंदर पहुंचते हैं, वहां अजीब और अकल्पनीय घटनाएं सामने आने लगती हैं।फिल्म में आस्था और लोककथाओं को फैंटेसी और हॉरर के साथ जोड़ा गया है। जंगल को सिर्फ एक जगह के तौर पर नहीं बल्कि कहानी के एक महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में दिखाया गया है।

नास्तिक किरदार में नजर आएंगे सिद्धार्थ

सिद्धार्थ मल्होत्रा फिल्म में एक ऐसे व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं, जो भगवान और अलौकिक शक्तियों में विश्वास नहीं करता। ट्रेलर में उनका किरदार जंगल में मौजूद रहस्यमयी ताकतों और भूतों का सामना करता नजर आता है।एक तरफ उनका किरदार हर घटना को तर्क और सामान्य सोच से समझने की कोशिश करता है, वहीं दूसरी तरफ जंगल में होने वाली घटनाएं उसके विश्वास को चुनौती देती दिखाई देती हैं। यही टकराव फिल्म की कहानी को दिलचस्प बनाने वाला प्रमुख पहलू नजर आता है।

'पंचायत' के निर्देशक ने बनाई फिल्म

'वन' का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है, जो 'पंचायत' जैसी लोकप्रिय वेब सीरीज के निर्देशन के लिए जाने जाते हैं। इस फिल्म के जरिए वह एक अलग तरह की फैंटेसी कहानी दर्शकों के सामने लेकर आ रहे हैं।ट्रेलर में डर, रहस्य, आस्था और लोककथाओं का मिश्रण देखने को मिल रहा है। अब फिल्म की रिलीज के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि जंगल से जुड़ी रहस्यमयी कहानी और 'वन देवी' की लोककथा दर्शकों को कितना प्रभावित करती है।

25 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी 'वन'

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की यह फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ट्रेलर सामने आने के बाद फिल्म की कहानी को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर जंगल में मौजूद रहस्यमयी शक्तियां क्या हैं, 'वन देवी' का मंदिर किस राज को अपने अंदर छिपाए हुए है और सिद्धार्थ का नास्तिक किरदार इन घटनाओं का सामना कैसे करता है, इन सवालों के जवाब फिल्म में मिलेंगे।

Share this story

Tags