Samachar Nama
×

शिल्पा राव की परफॉर्मेंस बीच में रोकी, दो बार बंद किया माइक; वीडियो में बोलीं- ‘वो नहीं गाने दे रहे’

शिल्पा राव की परफॉर्मेंस बीच में रोकी, दो बार बंद किया माइक; वीडियो में बोलीं- ‘वो नहीं गाने दे रहे’

मुंबई के जियो वर्ल्ड गार्डन्स में शनिवार को आयोजित बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट के 10वें एडिशन में नेशनल अवॉर्ड विजेता सिंगर शिल्पा राव की परफॉर्मेंस अचानक रोक दी गई। कार्यक्रम के दौरान उनका माइक दो बार बंद किया गया और मेन स्टेज की लाइट भी बंद कर दी गई। इसी दौरान दूसरे स्टेज पर सिंगर कुटले खान की परफॉर्मेंस शुरू हो गई। घटना से नाराज शिल्पा ने बाद में इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दुख जताया। वहीं, आयोजकों ने इस घटना के लिए माफी मांगी।

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यक्रम में दो स्टेज बनाए गए थे। एक बड़ा मेन स्टेज था, जबकि दूसरा छोटा स्टेज उसके बाईं ओर था। आमतौर पर मेन स्टेज पर किसी सिंगर या ग्रुप की प्रस्तुति होती थी। इसके बाद दूसरे स्टेज पर कलाकार अपनी परफॉर्मेंस देते थे। उनकी प्रस्तुति खत्म होने पर अगले कलाकार मेन स्टेज पर आ जाते थे।

गाना खत्म होने से पहले बंद हुआ माइक

शिल्पा राव अपनी परफॉर्मेंस दे रही थीं, तभी गाना खत्म होने से पहले अचानक उनका माइक बंद हो गया। उन्होंने बैकस्टेज टीम की ओर इशारा किया। इसके बाद एक क्रू मेंबर तुरंत उनके लिए दूसरा माइक लेकर पहुंचा। हालांकि, कुछ देर बाद उनका माइक फिर बंद कर दिया गया।इस दौरान दर्शक लगातार नारे लगा रहे थे और शिल्पा को अपनी बात पूरी करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे थे। शिल्पा ने कहा, “मैं सिर्फ बाय कहना चाहती थी। मैं बाय कहे बिना नहीं जा सकती। वो नहीं गाने दे रहे।” उनकी इस बात पर दर्शकों ने जोरदार हूटिंग की। शिल्पा ने इसके बाद भी दर्शकों का शुक्रिया अदा करने की कोशिश की।

‘आप लोगों ने मेरे 15-20 मिनट शानदार बना दिए’

शिल्पा राव ने दर्शकों से कहा कि उन्होंने उनकी परफॉर्मेंस के 15 से 20 मिनट शानदार बना दिए। उन्होंने यह भी बताया कि लंबे समय बाद उन्हें मुंबई में परफॉर्म करने का मौका मिला था।हालांकि, वह अपनी बात पूरी कर पातीं, इससे पहले उनका माइक दोबारा बंद कर दिया गया। उस समय दूसरे स्टेज पर कुटले खान की प्रस्तुति जारी थी। माइक बंद होने और स्टेज की लाइट बंद किए जाने के बाद शिल्पा को मंच छोड़कर जाना पड़ा। घटना के दौरान शिल्पा असहाय नजर आईं। उनकी परफॉर्मेंस अचानक रुकने से वहां मौजूद दर्शकों में नाराजगी देखने को मिली।

इंस्टाग्राम पर जताया दुख, आयोजकों ने मांगी माफी

कार्यक्रम के बाद शिल्पा राव ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर इस तरह की घटना पर दुख जताया। उनकी परफॉर्मेंस बीच में रोके जाने का मामला चर्चा में आ गया। वहीं, आयोजकों ने घटना को लेकर माफी मांगी। इस पूरे घटनाक्रम ने लाइव म्यूजिक कार्यक्रमों में कलाकारों के साथ समन्वय और मंच प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, माइक बंद किए जाने और परफॉर्मेंस रोकने के पीछे आयोजकों की ओर से विस्तृत कारण सामने आने पर ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Share this story

Tags