हाथ में नोटों की गड्डी थमाने वाले वायरल वीडियो पर भड़के शरद कपूर, वीडियो में बोले- पता ही नहीं चला कौन पैसे दे रहा था
बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर सोशल मीडिया पर वायरल हुए उस वीडियो को लेकर नाराज हैं, जिसमें एक व्यक्ति उनके हाथ में नोटों की गड्डी थमाता नजर आ था। अभिनेता ने मंगलवार को इस घटना पर सफाई देते हुए कहा कि उन्हें पता ही नहीं था कि वह व्यक्ति कौन था। अचानक किसी ने उनके हाथ में पैसे पकड़ाए और वीडियो बनाना शुरू कर दिया।वहीं, शरद कपूर की दोस्त हेमा चौधरी ने भी इस मामले पर अपनी बात रखी है। उन्होंने दावा किया कि वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने बाद में पैसे वापस ले लिए थे। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि शरद को परेशान न किया जाए और उनकी निजी परिस्थितियों को सोशल मीडिया पर तमाशा न बनाया जाए।
अचानक हाथ में पैसे देकर बनाने लगा वीडियो
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें एक व्यक्ति शरद कपूर को नोटों की गड्डी देता दिखाई दे रहा था। इस वीडियो के वायरल होने के बाद अभिनेता को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।मंगलवार को हेमा चौधरी के इंस्टाग्राम खाते पर सामने आए एक वीडियो में शरद कपूर ने फिल्म इंडस्ट्री, अपने प्रशंसकों और मुश्किल समय में उनका साथ देने वाले लोगों का शुक्रिया अदा किया। इसी दौरान उन्होंने वायरल वीडियो को लेकर नाराजगी जाहिर की।शरद ने कहा, "सोशल मीडिया पर बहुत सी गलत चीजें दिखाई जाती हैं। हाथ में पैसा दिया, पता ही नहीं चला कौन क्या कर रहा है? अचानक कोई बोलता है कि इसे पकड़िए और फिर वीडियो बनाने लगता है।"उन्होंने आगे कहा कि उन्हें समझ ही नहीं आया कि वह व्यक्ति कौन था और क्या कर रहा था। अभिनेता के मुताबिक, इस घटना के बाद अब वह ऐसे लोगों से मिलना पसंद नहीं करेंगे।
हेमा चौधरी ने किया पैसे वापस लेने का दावा
शरद कपूर की दोस्त हेमा चौधरी ने भी वायरल वीडियो को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि जिस व्यक्ति ने शरद के हाथ में पैसे दिए थे, उसने बाद में वे पैसे वापस ले लिए थे। हेमा के मुताबिक, वीडियो में दिखाई गई घटना को जिस तरह सोशल मीडिया पर पेश किया जा रहा है, उससे अभिनेता की छवि और निजी स्थिति प्रभावित हो रही है।
हेमा ने लोगों से की शरद को परेशान न करने की अपील
हेमा चौधरी ने लोगों से अपील की कि वे शरद कपूर को परेशान न करें। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की निजी परिस्थितियों को सोशल मीडिया पर तमाशा नहीं बनाना चाहिए।इस पूरे मामले के बाद शरद कपूर ने साफ कर दिया है कि वह वायरल वीडियो में दिखाई गई घटना से सहज नहीं हैं। उनका कहना है कि उन्हें उस व्यक्ति के इरादों और पैसे देने की वजह के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। फिलहाल इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा जारी है।

