शाहरुख खान का 61वां जन्मदिन आज: मन्नत के बाहर जुटे फैंस, वीडियो में जाने बुर्ज खलीफा पर चमकी किंग खान की तस्वीर; सी-लिंक पर भी दिखा बर्थडे का जश्न
बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान आज अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी उनके प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में फैंस मुंबई स्थित उनके घर मन्नत के बाहर पहुंचे और अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने की उम्मीद में इंतजार करते नजर आए।
इस साल मन्नत में रिनोवेशन का काम चल रहा है, लेकिन इससे फैंस का उत्साह कम नहीं हुआ। घर के बाहर शाहरुख खान के जन्मदिन को खास अंदाज में मनाया जा रहा है। मन्नत की दीवारों पर प्रोजेक्टर स्क्रीन के जरिए अभिनेता की तस्वीर दिखाई गई। वहीं, सुरक्षा कारणों से घर के बाहर सिक्योरिटी भी बढ़ाई गई है।
दरअसल, शाहरुख खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से धमकियां मिलने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। ऐसे में जन्मदिन के मौके पर मन्नत के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है, ताकि प्रशंसकों की भीड़ के बीच किसी तरह की परेशानी न हो।
बुर्ज खलीफा पर भी दिखी शाहरुख की तस्वीर
शाहरुख खान के जन्मदिन का जश्न सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं है। दुबई की मशहूर इमारत बुर्ज खलीफा पर भी रोशनी के जरिए उनकी तस्वीर दिखाई गई और जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। दुबई में शाहरुख खान की बड़ी फैन फॉलोइंग है। यही वजह है कि हर साल उनके जन्मदिन पर बुर्ज खलीफा को खास अंदाज में रोशन किया जाता है।
इस बार भी बुर्ज खलीफा पर किंग खान की तस्वीर और बर्थडे विश देखकर फैंस काफी उत्साहित हैं। सोशल मीडिया पर भी इस जश्न की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं।
मुंबई सी-लिंक पर हुआ बर्थडे काउंटडाउन
शाहरुख खान के जन्मदिन से पहले मुंबई के सी-लिंक पर भी खास अंदाज में उनका बर्थडे सेलिब्रेट किया गया। सी-लिंक पर उनकी तस्वीर दिखाई गई और जन्मदिन का काउंटडाउन किया गया। अभिनेता ने खुद अपने X अकाउंट पर सी-लिंक की तस्वीर साझा कर इस खास पल का जिक्र किया।
शाहरुख ने बताया कि वह इस नजारे को देखने के लिए चुपके से ड्राइव पर निकले थे। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि अगर दोस्त हो तो गूगल जेमिनी जैसे। हमेशा इतना प्यार देने के लिए दिल से शुक्रिया। किंग साइज प्यार के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। इस तस्वीर को खिंचवाने के लिए उन्हें चुपके से ड्राइव पर निकलना पड़ा।
फैंस के प्यार से अभिभूत हुए किंग खान
शाहरुख खान का जन्मदिन उनके प्रशंसकों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं होता। हर साल हजारों लोग मन्नत के बाहर पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हैं। सोशल मीडिया पर भी सुबह से ही फैंस उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।इस बार रिनोवेशन और सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद मन्नत के बाहर फैंस की मौजूदगी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि शाहरुख खान की लोकप्रियता कितनी बड़ी है। मुंबई के सी-लिंक से लेकर दुबई के बुर्ज खलीफा तक, हर जगह किंग खान के जन्मदिन की धूम देखने को मिल रही है।

