Samachar Nama
×

फ्लाईदुबई फ्लाइट के पायलट स्मित मच्छर की सलमान खान ने की तारीफ, वीडियो में बोले- कमाल कर दिया पायलट जी

फ्लाईदुबई फ्लाइट के पायलट स्मित मच्छर की सलमान खान ने की तारीफ, वीडियो में बोले- कमाल कर दिया पायलट जी

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर पर को-पायलट द्वारा हमला किए जाने की घटना के बाद उनकी सूझबूझ और साहस की चर्चा हो रही है। घटना के दौरान विमान के सामने गंभीर स्थिति पैदा हो गई थी। जख्मी होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने विमान की कमान संभाली और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई।कैप्टन स्मित की इस भूमिका की बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने भी तारीफ की है। शुक्रवार देर रात सलमान खान ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट कर पायलट की हिम्मत को सलाम किया।

सलमान खान बोले- कमाल कर दिया पायलट जी

सलमान खान ने कैप्टन स्मित मच्छर की तारीफ करते हुए लिखा, “कमाल कर दिया पायलट जी, हम सब आपको सैल्यूट करते हैं। आपके साथ उड़ान भरने में गर्व महसूस होगा। वेल डन ब्रो कैप्टन स्मित मच्छर।”सलमान की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर कैप्टन स्मित को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगीं। कई लोगों ने संकट की स्थिति में विमान को संभालने के लिए पायलट की सराहना की।

रणवीर सिंह ने लिखा- कैप्टन बहादुर

अभिनेता रणवीर सिंह ने भी सोशल मीडिया पर कैप्टन स्मित की तस्वीर शेयर की। उन्होंने तस्वीर के साथ उन्हें “कैप्टन बहादुर” कहा।रणवीर की पोस्ट भी सोशल मीडिया पर चर्चा में रही। वहीं अभिनेता सनी देओल ने भी कैप्टन स्मित की तारीफ करते हुए उनकी सूझबूझ और साहस को याद किया।

सनी देओल ने कहा- असाधारण साहस दिखाया

सनी देओल ने लिखा कि कैप्टन स्मित मच्छर ने उस समय असाधारण साहस और सूझबूझ का परिचय दिया, जब इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। उन्होंने कहा कि कैप्टन ने एक बड़े हादसे को टालने और कई लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।सनी देओल ने कैप्टन स्मित के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए लिखा, “सलाम।”

जख्मी हालत में संभाली विमान की कमान

बताया जा रहा है कि फ्लाइट के दौरान को-पायलट के हमले में कैप्टन स्मित घायल हो गए थे। स्थिति गंभीर होने के बावजूद उन्होंने विमान की कमान संभाली। विमान को सुरक्षित उतारने के बाद घटना की जानकारी सामने आई।फ्लाईदुबई की इस घटना के बाद विमानन सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठे हैं। मामले की जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विमान के कॉकपिट में ऐसी स्थिति कैसे बनी और हमले के पीछे क्या कारण था।कैप्टन स्मित की भूमिका की चर्चा अब सोशल मीडिया से लेकर बॉलीवुड तक हो रही है। सलमान खान, रणवीर सिंह और सनी देओल समेत कई लोगों ने उनके साहस और जिम्मेदारी की सराहना की है।

Share this story

Tags