पैपराजी पर भड़के सलमान खान, वीडियो में बोले- महिलाओं की तस्वीरें गलत एंगल से लेना बंद करें
टीवी रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के ‘वीकेंड का वार’ में शनिवार को सलमान खान ने पैपराजी के फोटो और वीडियो शूट करने के तरीके पर नाराजगी जताई। उन्होंने महिलाओं और अभिनेत्रियों की तस्वीरें गलत एंगल से लेने को लेकर पैपराजी को फटकार लगाई। सलमान ने कहा कि कैमरे के सामने किसी महिला की असहज स्थिति को मनोरंजन का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए। शो के दौरान सलमान ने पैपराजी के उस ट्रेंड पर सवाल उठाया, जिसमें अभिनेत्रियों के कार से बाहर निकलने या कार में बैठने के दौरान उनके शरीर के खास हिस्सों को कैमरे में कैद करने की कोशिश की जाती है।
‘हिप और पैरों के शॉट के लिए कैमरा लगाया जाता है’
सलमान खान ने कहा कि आजकल पैपराजी के बीच एक नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार अभिनेत्री के कार से बाहर निकलने के दौरान कैमरा एक खास एंगल पर रखा जाता है और कार में बैठते समय भी कैमरा उसी तरह शूट करता है।उन्होंने कहा कि इस तरह हिप या पैरों के शॉट लेने की कोशिश की जाती है और कई बार पीछे से भी तस्वीरें या वीडियो बनाए जाते हैं। सलमान के मुताबिक, ऐसी तस्वीरें हर अभिनेत्री या लड़की को पसंद नहीं आतीं।
‘महिलाओं की सहमति और सहजता भी जरूरी’
सलमान ने इस दौरान यह भी कहा कि कुछ महिलाएं ऐसी तस्वीरों को लेकर सहज हो सकती हैं, लेकिन उन महिलाओं के बारे में भी सोचना चाहिए जिन्हें इस तरह की फोटोग्राफी पसंद नहीं है।उन्होंने कहा कि अगर किसी महिला को इस तरह के फोटो या वीडियो से असहजता होती है तो उसे इसका विरोध करना चाहिए। सलमान की टिप्पणी का फोकस महिलाओं की व्यक्तिगत सहजता और उनकी सीमाओं का सम्मान करने पर रहा।
सई मांजरेकर का दिया उदाहरण
सलमान खान ने अपनी बात समझाने के लिए अभिनेत्री सई मांजरेकर का उदाहरण भी दिया। उन्होंने बताया कि सई, अभिनेता और फिल्ममेकर महेश मांजरेकर की बेटी हैं और सलमान के साथ फिल्म ‘दबंग’ में काम कर चुकी हैं।
सलमान ने महिलाओं की तस्वीरें लेते समय कैमरे के एंगल और उनके निजी स्पेस का ध्यान रखने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी महिला की ऐसी तस्वीर या वीडियो बनाना, जिससे वह खुद असहज महसूस करे, उचित नहीं है।‘बिग बॉस 20’ के ‘वीकेंड का वार’ में सलमान अक्सर शो से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ मनोरंजन जगत और सोशल मीडिया से जुड़े विषयों पर भी अपनी राय रखते हैं। इस बार पैपराजी के फोटो खींचने के तरीके पर उनकी टिप्पणी चर्चा में रही।

