सोहेल खान के गणपति विसर्जन में जमकर नाचा परिवार, सलमान खान और यूलिया वंतूर भी हुए शामिल
गणेश चतुर्थी के मौके पर खान परिवार ने धूमधाम से गणपति बप्पा का स्वागत किया और मंगलवार को विधि-विधान के साथ विसर्जन किया। इस दौरान पूरा खान परिवार सोहेल खान के घर पर मौजूद रहा। सलमान खान ने भी परिवार के साथ बप्पा की आरती की और विसर्जन में शामिल हुए।
हालांकि, विसर्जन के दौरान सलमान खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वीडियो में वह आरती करते हुए गलत दिशा में आरती घुमाते नजर आए। कुछ देर बाद उनकी बहन अर्पिता खान ने उन्हें इशारा करके सही तरीका बताया। अर्पिता के समझाने के तुरंत बाद सलमान ने अपनी गलती सुधार ली।
सलमान के बाद यूलिया वंतूर ने की आरती
खान परिवार के गणपति विसर्जन में सलमान खान के साथ उनकी रूमर्ड गर्लफ्रेंड यूलिया वंतूर भी नजर आईं। सलमान के बाद यूलिया ने भी बप्पा की आरती की।
इस दौरान अर्पिता खान उन्हें भी आरती करने का तरीका समझाती दिखाई दीं। परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में गणपति विसर्जन की रस्में पूरी की गईं।
सोहेल खान के घर हुआ गणपति उत्सव
इस साल खान परिवार ने गणेश चतुर्थी का आयोजन सोहेल खान के घर पर किया था। विसर्जन से पहले परिवार के सभी सदस्य एक साथ आरती में शामिल हुए।
सोहेल खान और अर्पिता खान ने बच्चों के साथ बप्पा की आरती की। वहीं अभिनेता की मां हेलेन समेत परिवार के अन्य सदस्य और मेहमान भी गणपति के दर्शन के लिए पहुंचे।
बिल्डिंग परिसर में हुआ विसर्जन
गणपति विसर्जन के लिए सोहेल खान की बिल्डिंग के परिसर में ही विशेष व्यवस्था की गई थी। यहां पानी की बड़ी टंकी रखी गई थी, जिसमें गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
विसर्जन के दौरान परिवार के सदस्य और बच्चे भी मौजूद रहे। सलमान खान ने बच्चों के साथ मस्ती की और उनके साथ डांस करते हुए भी नजर आए।
सलमान ने बच्ची को प्यार से सहलाया
विसर्जन कार्यक्रम के दौरान सलमान खान का एक और वीडियो सामने आया। इसमें उनकी नजर स्टाफ की गोद में सो रही एक छोटी बच्ची पर पड़ी।
सलमान बच्ची के पास गए और उसे प्यार से सहलाते नजर आए। उनका यह अंदाज भी कैमरे में कैद हो गया।
गणेश चतुर्थी पर बदला सलमान का लुक
गणेश चतुर्थी के कार्यक्रमों के दौरान सलमान खान नए लुक में नजर आए। उन्होंने बैंडाना स्टाइल में अपनी एंट्री की थी। बाद में विसर्जन के दौरान भी उनका अलग अंदाज देखने को मिला।
सलमान ने टी-शर्ट के साथ हाफ लेदर जैकेट और विंटर कैप पहनी हुई थी। उनका यह लुक भी सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा।
अंबानी परिवार के गणपति उत्सव में भी पहुंचे थे सलमान
गणेश चतुर्थी के मौके पर सलमान खान अंबानी परिवार के गणपति उत्सव में भी शामिल हुए थे। उन्होंने गणपति बप्पा के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
एंटीलिया पहुंचने के बाद सलमान ने गणपति प्रतिमा के सामने जाकर बप्पा का आशीर्वाद लिया। पंडित ने उन्हें तिलक लगाया और पटका पहनाया। इसके बाद सलमान ने गणपति बप्पा को फूल अर्पित किए।
खान परिवार के गणपति विसर्जन के वीडियो सामने आने के बाद सलमान की आरती वाला वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। अर्पिता द्वारा उन्हें सही तरीका समझाने वाला पल भी वीडियो में नजर आ रहा है।

