ललित मोदी की जिंदगी पर बनेगी बायोपिक, साजिद नाडियाडवाला करेंगे प्रोड्यूस; वीडियो में जाने रणवीर सिंह निभाना चाहते हैं किरदार
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक ललित मोदी की जिंदगी अब बड़े पर्दे पर दिखाई जा सकती है। पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, ललित मोदी की जिंदगी पर बनने वाली बायोपिक को फिल्ममेकर साजिद नाडियाडवाला अपने बैनर नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के तहत प्रोड्यूस करेंगे। फिल्म की स्क्रिप्ट पर पूर्व टीवी एग्जीक्यूटिव और प्रोड्यूसर स्नेहा रजनी काम कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि फिल्म में ललित मोदी की जिंदगी के अलग-अलग पहलुओं को दिखाया जाएगा। इसमें उनके शुरुआती जीवन से लेकर IPL की शुरुआत, क्रिकेट लीग की सफलता और इसके बाद उनसे जुड़े विवादों तक की कहानी शामिल होगी। मेकर्स कथित तौर पर उनकी जिंदगी को सिर्फ विवादों और सुर्खियों तक सीमित नहीं रखना चाहते।
शुरुआती जिंदगी से IPL तक की कहानी
ललित मोदी ने भारतीय क्रिकेट में एक नई तरह की टी20 लीग की शुरुआत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। IPL के शुरुआती दौर और इसके विस्तार ने उन्हें क्रिकेट की दुनिया में खास पहचान दिलाई। प्रस्तावित बायोपिक में उनके करियर के इसी सफर को प्रमुखता से दिखाए जाने की बात सामने आई है। फिल्म में उनके निजी जीवन और पेशेवर सफर के अलग-अलग पहलुओं को भी शामिल किया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स ललित मोदी की जिंदगी को एक व्यापक नजरिए से पेश करना चाहते हैं, जिसमें सफलता के साथ-साथ उनसे जुड़े विवादों और चुनौतियों को भी जगह मिलेगी।
रणवीर सिंह निभाना चाहते हैं ललित मोदी का किरदार
कुछ समय पहले अभिनेता रणवीर सिंह ने ललित मोदी का किरदार निभाने में दिलचस्पी दिखाई थी। ललित मोदी ने खुद मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि रणवीर उनका रोल निभाना चाहते हैं। हालांकि, फिलहाल फिल्म में ललित मोदी की भूमिका के लिए रणवीर सिंह को आधिकारिक तौर पर कास्ट किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।ऐसे में फिल्म की कास्टिंग को लेकर आगे कोई आधिकारिक घोषणा होती है या नहीं, इस पर दर्शकों की नजर रहेगी।
टीम ने ललित मोदी के दर्जनों इंटरव्यू लिए
रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की राइटिंग और डेवलपमेंट का काम फिलहाल जारी है। ललित मोदी ने बताया था कि स्नेहा रजनी की अगुआई में एक टीम उनके दर्जनों इंटरव्यू ले चुकी है। इन बातचीत के जरिए फिल्म की टीम उनकी जिंदगी, करियर और उससे जुड़े घटनाक्रमों को समझने की कोशिश कर रही है।
ललित मोदी पिछले करीब 16 वर्षों से लंदन में रह रहे हैं। बायोपिक के जरिए उनके शुरुआती जीवन, IPL के निर्माण और सफलता के दौर के साथ बाद में सामने आए विवादों को भी कहानी का हिस्सा बनाए जाने की तैयारी है।फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट और स्टारकास्ट को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। स्क्रिप्ट और डेवलपमेंट का काम पूरा होने के बाद फिल्म से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

