सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी, वीडियो में जाने बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड जीशान अख्तर का नाम आया सामने; मुंबई पुलिस कर रही जांच
बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस मामले में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड आरोपी जीशान अख्तर का नाम सामने आने के बाद मुंबई पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आशंका जताई जा रही है कि जीशान अख्तर ने अभिनेता को धमकी दी है। हालांकि, अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि धमकी देने वाला व्यक्ति वही है या किसी दूसरे शख्स ने उसके नाम का इस्तेमाल किया है।
मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां धमकी के पीछे की असली वजह और इसमें शामिल व्यक्ति की पहचान पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस पूरे मामले के पीछे किसी आपराधिक गिरोह का हाथ है या कोई व्यक्ति फर्जी पहचान के जरिए दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है।
जीशान अख्तर की भूमिका की जांच कर रही पुलिस
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांटेड जीशान अख्तर का नाम सामने आने के बाद पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। मुंबई पुलिस के सूत्रों के अनुसार, अभिनेता को मिली धमकी में जीशान अख्तर का नाम सामने आया है। हालांकि, जांच अधिकारियों का कहना है कि केवल नाम सामने आने के आधार पर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता।एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जांच टीम इस बात का पता लगा रही है कि क्या वास्तव में जीशान अख्तर ने ही सैफ अली खान को धमकी दी है। पुलिस इस संभावना पर भी काम कर रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर जीशान का नाम इस्तेमाल किया हो, ताकि जांच एजेंसियों का ध्यान भटकाया जा सके।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल का भी शक
जांच एजेंसियों को आशंका है कि धमकी देने वाला व्यक्ति अपनी पहचान छिपाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस या किसी फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर सकता है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि कहीं कोई व्यक्ति अभिनेताओं को डराने और जांच एजेंसियों को परेशान करने के उद्देश्य से इस तरह की गतिविधियों को अंजाम तो नहीं दे रहा है।इसके लिए मुंबई पुलिस की तकनीकी टीम धमकी भेजने के स्रोत का पता लगा रही है। डिजिटल फुटप्रिंट, तकनीकी साक्ष्य और अन्य उपलब्ध जानकारियों की जांच की जा रही है, ताकि धमकी देने वाले तक पहुंचा जा सके।
पहले भी सैफ अली खान पर हुआ था जानलेवा हमला
सैफ अली खान इससे पहले भी जानलेवा हमले का सामना कर चुके हैं। पिछले साल 15 जनवरी को उनके मुंबई स्थित सतगुरु शरण अपार्टमेंट में घुसकर एक हमलावर ने उन पर चाकू से हमला किया था। इस घटना में अभिनेता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।अब दोबारा जान से मारने की धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। धमकी के पीछे किसका हाथ है और जीशान अख्तर की इसमें कोई भूमिका है या नहीं, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

