डॉन 3 विवाद के बीच रणवीर सिंह पर लगा बैन, वीडियो में देंखे देर रात एयरपोर्ट पर स्पॉट होने से बढ़ीं ‘धुरंधर 3’ शूटिंग की चर्चाएं
Ranveer Singh इन दिनों Don 3 को लेकर विवादों में घिर गए हैं। फिल्म छोड़ने के मामले में अब विवाद और गहरा गया है। सोमवार को फिल्म फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न सिने एम्प्लॉइज की ओर से अभिनेता पर बैन लगाए जाने की खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि निर्देशक Farhan Akhtar की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई है।जानकारी के मुताबिक बैन लागू रहने तक रणवीर सिंह किसी नई फिल्म की शूटिंग या अन्य फिल्मी प्रोजेक्ट पर काम नहीं कर सकेंगे। हालांकि इस पूरे मामले को लेकर अभी तक रणवीर सिंह की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इसी बीच सोमवार देर रात रणवीर सिंह को मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। बैन की खबर सामने आने के तुरंत बाद उनके एयरपोर्ट पहुंचने से कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सोशल मीडिया पर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग इस घटनाक्रम को लेकर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं।दिलचस्प बात यह रही कि रणवीर सिंह के एयरपोर्ट पर नजर आने के कुछ ही समय बाद उनके कथित “धुरंधर 3” को-स्टार Arjun Rampal भी एयरपोर्ट पर दिखाई दिए। दोनों कलाकारों के लगभग एक ही समय पर रवाना होने के बाद यह कयास तेज हो गए कि वे “धुरंधर 3” की शूटिंग के लिए जा रहे हैं।
हालांकि फिल्म की टीम या कलाकारों की ओर से शूटिंग को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं कीगई है। इसके बावजूद बॉलीवुड गलियारों में इस बात की चर्चा तेज है कि रणवीर सिंह विवादों के बीच भी अपने आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर सक्रिय बने हुए हैं।उधर “डॉन 3” को लेकर फैंस के बीच पहले से ही काफी उत्साह बना हुआ था। रणवीर सिंह के फिल्म से अलग होने और फिर बैन की खबर आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग अभिनेता के समर्थन में नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि फिल्म छोड़ने से निर्माता और प्रोडक्शन टीम को नुकसान हुआ है।
फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि यदि बैन लंबे समय तक जारी रहता है तो इसका असर रणवीर सिंह के करियर और आगामी फिल्मों पर पड़ सकता है। वहीं कई विशेषज्ञ इसे फिल्म इंडस्ट्री के भीतर अनुबंध और पेशेवर प्रतिबद्धताओं से जुड़ा बड़ा मामला मान रहे हैं। फिलहाल सभी की नजरें इस विवाद के अगले घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि रणवीर सिंह, फरहान अख्तर और फिल्म फेडरेशन की ओर से आगे क्या आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आती है।

