अंशुला कपूर के वेडिंग रिसेप्शन में रणवीर-अर्जुन का धमाकेदार डांस, फुटेज में देंखे ‘गुंडे’ के गाने पर थिरके दोनों सितारे
बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर की बहन अंशुला कपूर ने 6 जुलाई को स्क्रीनराइटर रोहन ठक्कर के साथ शादी के बंधन में बंधने के बाद मंगलवार शाम मुंबई में शानदार वेडिंग रिसेप्शन दिया। इस ग्रैंड रिसेप्शन में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे शामिल हुए। समारोह में सबसे ज्यादा लाइमलाइट अर्जुन कपूर और रणवीर सिंह की धमाकेदार परफॉर्मेंस ने बटोरी।
रिसेप्शन के दौरान रणवीर सिंह और अर्जुन कपूर ने अपनी सुपरहिट फिल्म ‘गुंडे’ के मशहूर गाने ‘तूने मारी एंट्रियां’ पर जबरदस्त डांस किया। दोनों कलाकारों की एनर्जी और बॉन्डिंग देखकर वहां मौजूद मेहमान भी उत्साहित हो गए। इस परफॉर्मेंस ने फिल्म में उनकी ऑनस्क्रीन दोस्ती बिक्रम और बाला की यादें ताजा कर दीं।
रणवीर और अर्जुन की जोड़ी ने स्टेज पर जमकर धमाल मचाया। दोनों ने सिर्फ ‘तूने मारी एंट्रियां’ ही नहीं, बल्कि फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने पर भी डांस किया। दोनों की मस्ती और दोस्ती सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई।
रिसेप्शन में म्यूजिक का तड़का लगाने के लिए मशहूर सिंगर हिमेश रेशमिया ने लाइव परफॉर्मेंस दी। हिमेश के गानों पर रणवीर और अर्जुन भी स्टेज पर पहुंचे और उनके साथ गाते व झूमते नजर आए। इस दौरान उन्होंने हिमेश के लोकप्रिय गाने ‘मुझको याद सताए तेरी’ समेत कई गानों पर परफॉर्म किया।
समारोह में मौजूद मेहमानों ने रणवीर और अर्जुन की इस खास परफॉर्मेंस को खूब एंजॉय किया। दोनों अभिनेताओं की दोस्ती बॉलीवुड में काफी चर्चित है और इस रिसेप्शन में भी उनकी शानदार बॉन्डिंग देखने को मिली।
अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर की शादी को परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में संपन्न किया गया था। रिसेप्शन में कपूर परिवार के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने शिरकत की और नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं।
अर्जुन कपूर और रणवीर सिंह की जोड़ी इससे पहले फिल्म ‘गुंडे’ में दर्शकों को खूब पसंद आई थी। फिल्म में दोनों की दोस्ती और केमिस्ट्री ने लोगों का दिल जीता था। यही वजह है कि जब दोनों एक बार फिर साथ स्टेज पर नजर आए तो फैंस को उनकी पुरानी यादें ताजा हो गईं।

