Samachar Nama
×

रणबीर-यश की ‘रामायण’ ने रचा इतिहास: वीडियो में जाने 14 दिन में 1500 करोड़ कमाने वाली सबसे तेज भारतीय फिल्म बनी, ‘धुरंधर 2’ का रिकॉर्ड तोड़ा

रणबीर-यश की ‘रामायण’ ने रचा इतिहास: वीडियो में जाने 14 दिन में 1500 करोड़ कमाने वाली सबसे तेज भारतीय फिल्म बनी, ‘धुरंधर 2’ का रिकॉर्ड तोड़ा

रणबीर कपूर और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ ने बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच दिया है। फिल्म ने रिलीज के महज 14 दिनों के भीतर दुनियाभर में 1500 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है। इसके साथ ही यह सबसे तेजी से 1500 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1519.05 करोड़ रुपए पहुंच गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ के नाम था। इस फिल्म ने रिलीज के 16 दिनों में दुनियाभर में 1500 करोड़ रुपए की कमाई का आंकड़ा पार किया था। अब ‘रामायण’ ने यह उपलब्धि दो दिन पहले हासिल कर नया रिकॉर्ड बना दिया है।

भारत में भी 1000 करोड़ क्लब में शामिल हुई फिल्म

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘रामायण’ का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 1009.05 करोड़ रुपए हो गया है। इसके साथ ही यह घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपए से ज्यादा कमाई करने वाली छठी भारतीय फिल्म बन गई है। वहीं, हिंदी फिल्मों की बात करें तो यह इस आंकड़े तक पहुंचने वाली तीसरी फिल्म है।इससे पहले ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी हैं। भारतीय फिल्मों के इस खास क्लब में ‘बाहुबली 2’, ‘केजीएफ 2’ और ‘पुष्पा 2’ भी शामिल हैं।

यश की दो फिल्मों ने बनाया खास रिकॉर्ड

‘रामायण’ की सफलता के साथ अभिनेता यश की दो फिल्में 1000 करोड़ रुपए से ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में शामिल हो गई हैं। इससे पहले यश की फिल्म ‘केजीएफ 2’ ने यह उपलब्धि हासिल की थी। अब ‘रामायण’ ने भी इस क्लब में जगह बना ली है।यश के साथ रणबीर कपूर की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म की कमाई लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म ने भारतीय बाजार के साथ-साथ विदेशी बॉक्स ऑफिस पर भी मजबूत प्रदर्शन किया है।

भारत में 844 करोड़ से ज्यादा की शुद्ध कमाई

रिपोर्ट के अनुसार, ‘रामायण’ ने रिलीज के 14वें दिन भारत में 23.20 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म की भारत में अब तक की कुल नेट कमाई 844.40 करोड़ रुपए हो गई है। वहीं, विदेशों में फिल्म ने करीब 510 करोड़ रुपए का कारोबार किया है।फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1519.05 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है। घरेलू और विदेशी बाजारों से मिल रही कमाई के दम पर ‘रामायण’ ने भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी कमाई वाली फिल्मों की सूची में अपनी मजबूत जगह बना ली है।14 दिनों में 1500 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार करना फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि है। अब इसकी नजर बॉक्स ऑफिस पर कमाई के नए आंकड़े छूने पर है।

Share this story

Tags