पाकिस्तान के कराची के मंदिर में लगा रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का पोस्टर, फुटेज में देंखे हिंदू समुदाय ने लगाए ‘जय श्री राम’ के नारे
रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर भारत के साथ-साथ पाकिस्तान में भी चर्चा देखने को मिल रही है। पाकिस्तान के कराची में एक मंदिर में फिल्म का पोस्टर लगाए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में मंदिर परिसर में फिल्म का पोस्टर दिखाई दे रहा है। इस दौरान वहां मौजूद हिंदू समुदाय के कुछ लोग ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते और फिल्म की सफलता की कामना करते नजर आ रहे हैं।
मंदिर में दिखा रणबीर, साई पल्लवी और यश का पोस्टर
यूट्यूब पर सामने आए वीडियो में कराची के एक मंदिर में ‘रामायण’ का पोस्टर लगाया हुआ दिखाई दे रहा है। पोस्टर में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश नजर आ रहे हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं।वीडियो में मंदिर में मौजूद लोग फिल्म को लेकर उत्साह जताते दिखाई देते हैं। कुछ लोगों ने फिल्म की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं, जबकि कुछ ने उम्मीद जताई कि ‘रामायण’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी और यह ऑस्कर भी जीत सकती है। इस वीडियो के सामने आने के बाद फिल्म को लेकर पाकिस्तान में हिंदू समुदाय की दिलचस्पी चर्चा का विषय बन गई है।
पाकिस्तान में फिल्म की रिलीज पर अभी स्थिति साफ नहीं
पाकिस्तान में ‘रामायण’ को लेकर चर्चा जरूर है, लेकिन वहां फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी या नहीं, इस बारे में अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। द फ्री प्रेस जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक और सैन्य तनाव के कारण पाकिस्तान में भारतीय फिल्मों की रिलीज पर पाबंदियां लगी हुई हैं।वहीं, अगस्त 2026 में प्रकाशित पाकिस्तान शोबिज की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि पाकिस्तानी अधिकारियों ने भारतीय फिल्मों के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र यानी NOC जारी करना बंद कर दिया था। ऐसे में फिल्म की पाकिस्तान में रिलीज को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन के लिए सोनी पिक्चर्स से साझेदारी
फिल्म के निर्माताओं ने ‘रामायण’ को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए सोनी पिक्चर्स के साथ साझेदारी की है। इसके तहत फिल्म के अंतरराष्ट्रीय वितरण की योजना बनाई गई है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज की तैयारी होने का मतलब यह नहीं है कि फिल्म को हर देश में रिलीज करने की अनुमति मिल गई है।फिलहाल पाकिस्तान में फिल्म की रिलीज को लेकर किसी तरह की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में यह देखना होगा कि रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की यह फिल्म वहां के सिनेमाघरों तक पहुंच पाती है या नहीं।

