डिनर के बाद पैपराजी पर भड़के रणबीर कपूर, वीडियो में देंखे आलिया-विक्की के साथ पोज देने की मांग पर बोले- ‘बहुत बोल रहा है तू’
बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर शनिवार रात मुंबई में अपनी पत्नी आलिया भट्ट, अभिनेता विक्की कौशल और फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली के साथ डिनर के लिए पहुंचे। चारों ‘लव एंड वॉर’ फिल्म की टीम के साथ डिनर करते नजर आए। इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें रणबीर कपूर पैपराजी पर नाराज होते दिखाई दे रहे हैं।
दरअसल, डिनर के बाद रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, विक्की कौशल और संजय लीला भंसाली ने कैमरों के सामने पोज दिए। फोटो सेशन के दौरान संजय लीला भंसाली कुछ देर के लिए फ्रेम से हटने लगे। इस पर रणबीर ने उन्हें वापस बुलाया और साथ में तस्वीर खिंचवाने के लिए कहा।इसके बाद चारों ने एक साथ खड़े होकर पैपराजी को पोज दिए। फोटो सेशन खत्म होने के बाद रणबीर वहां से जाने लगे। इसी दौरान एक पैपराजी लगातार उन्हें आलिया भट्ट और विक्की कौशल के साथ दोबारा पोज देने के लिए कहता रहा।
लगातार आवाज लगाने पर रणबीर कपूर पीछे मुड़े और पैपराजी से कहा, “बहुत बोल रहा है तू।” रणबीर का यह रिएक्शन कैमरे में कैद हो गया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई।बताया जा रहा है कि रणबीर, आलिया, विक्की और संजय लीला भंसाली फिल्म ‘लव एंड वॉर’ से जुड़े हुए हैं। इस फिल्म में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के साथ विक्की कौशल भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन संजय लीला भंसाली कर रहे हैं।
रणबीर कपूर अक्सर अपनी फिल्मों और निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में रहते हैं। हाल ही में उनका नाम फिल्म ‘रामायण’ में भगवान राम के किरदार को लेकर भी सुर्खियों में रहा है। वहीं, आलिया भट्ट और विक्की कौशल के साथ उनकी आने वाली फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर फैंस में काफी उत्सुकता बनी हुई है।डिनर के दौरान सामने आए इस वीडियो में रणबीर का पैपराजी को दिया गया रिएक्शन अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।

