रणबीर कपूर ने अयोध्या में खरीदी 3.31 करोड़ की जमीन, वीडियो में देखें रामायण में निभाएंगे भगवान राम का रोल
बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित प्रीमियम रियल एस्टेट प्रोजेक्ट ‘द सरयू’ में जमीन खरीदी है। यह प्रोजेक्ट ‘द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा’ द्वारा विकसित किया जा रहा एक लग्जरी प्लॉटेड डेवलपमेंट है, जो अपनी हाई-एंड सुविधाओं और लोकेशन के कारण पहले से ही चर्चा में है।
कंपनी की आधिकारिक घोषणा के अनुसार, रणबीर कपूर ने इस प्रोजेक्ट में 2,134 वर्ग फीट का प्लॉट खरीदा है, जिसकी कीमत करीब 3.31 करोड़ रुपये बताई गई है। इस निवेश के साथ वह उन चुनिंदा फिल्मी हस्तियों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट में दिलचस्पी दिखाई है।
बताया जा रहा है कि रणबीर कपूर से पहले महानायक अमिताभ बच्चन भी इसी प्रोजेक्ट में निवेश कर चुके हैं। इस तरह रणबीर कपूर ‘द सरयू’ में निवेश करने वाले दूसरे बड़े बॉलीवुड अभिनेता बन गए हैं, जिससे यह प्रोजेक्ट और अधिक सुर्खियों में आ गया है।
‘द सरयू’ प्रोजेक्ट करीब 75 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है और यह सरयू नदी के किनारे स्थित है, जो अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा है। इस प्रोजेक्ट को एक प्रीमियम लाइफस्टाइल डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें ग्रैंड क्लब हाउस, 35 से अधिक आधुनिक सुविधाएं और उच्च स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल हैं। इसके अलावा, प्रोजेक्ट में ‘द लीला होटल्स’ द्वारा संचालित पांच एकड़ में बनने वाला एक शुद्ध शाकाहारी लक्जरी होटल भी प्रस्तावित है, जो इसे और भी विशिष्ट बनाता है।
रणबीर कपूर ने इस निवेश पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें लगता है जैसे अयोध्या ने उन्हें चुना है। उन्होंने अयोध्या को भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र बताया और कहा कि ‘द सरयू’ में खरीदी गई यह जमीन उनके परिवार की विरासत का हिस्सा बनेगी।
उनके इस बयान और निवेश ने अयोध्या के तेजी से विकसित हो रहे रियल एस्टेट सेक्टर पर भी ध्यान आकर्षित किया है, जहां धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के साथ आधुनिक शहरी विकास का संगम देखा जा रहा है।

