रणबीर-आलिया ने बेटी राहा के साथ किया गणपति विसर्जन, फुटेज में देंखे चेहरा छिपाती दिखीं एक्ट्रेस; एकता कपूर के घर भी जुटे सितारे
मुंबई में गणेश उत्सव के बीच शुक्रवार को बॉलीवुड के कई सितारे गणपति बप्पा की भक्ति में डूबे नजर आए। रणबीर कपूर ने पत्नी आलिया भट्ट और मां नीतू कपूर के साथ गणपति विसर्जन किया। इस दौरान आलिया अपनी बेटी राहा को गोद में लिए नजर आईं। उन्होंने राहा का चेहरा पूरी तरह छिपाकर रखा और कैमरों से उसे दूर रखने की कोशिश की। विसर्जन के दौरान रणबीर कपूर परिवार के साथ ‘गणपति बप्पा मोरया’ और ‘जय श्री राम’ के जयकारे लगाते नजर आए। इस दौरान परिवार के साथ पूजा और विसर्जन की रस्में पूरी की गईं।
बेटी राहा का चेहरा छिपाती नजर आईं आलिया
गणपति विसर्जन के दौरान आलिया भट्ट ने बेटी राहा को गोद में उठा रखा था। उन्होंने राहा का चेहरा इस तरह ढककर रखा कि कैमरों में उसका चेहरा नजर न आए। विसर्जन के बाद जब परिवार वापस लौट रहा था, तब भी आलिया ने राहा का चेहरा कैमरों से बचाए रखा।बताया गया कि लौटते समय आलिया कुछ दूरी तक उल्टे कदम पीछे की ओर चलती नजर आईं, ताकि राहा का चेहरा कैमरे में कैद न हो। कुछ देर बाद आलिया ने राहा को साथ लिए बिना रणबीर कपूर और नीतू कपूर के साथ तस्वीरें भी क्लिक कराईं।रणबीर और आलिया अपनी बेटी राहा को मीडिया की नजरों से दूर रखते हैं। सार्वजनिक मौकों पर दोनों अक्सर कोशिश करते हैं कि राहा का चेहरा कैमरों में न आए।
एकता कपूर के घर गणेश पूजा में पहुंचे सितारे
टेलीविजन और फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी प्रोड्यूसर एकता कपूर ने भी मुंबई स्थित अपने घर पर गणेश पूजा का आयोजन किया। इस समारोह में फिल्म और टीवी जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं।अभिनेता गोविंदा अपने बेटे यशवर्धन के साथ एकता कपूर के घर गणपति आरती में शामिल होने पहुंचे। वहीं अंकिता लोखंडे पति विक्की जैन के साथ नजर आईं। आयुष्मान खुराना और चंकी पांडे समेत कई अन्य सेलिब्रिटीज ने भी गणेश पूजा में हिस्सा लिया।
गोविंदा के घर भी हुई गणेश आरती
गणेश उत्सव के मौके पर गोविंदा के अलावा उनकी पत्नी सुनीता आहूजा, कृष्णा अभिषेक और कश्मीरा शाह भी गणेश आरती में शामिल हुए। मुंबई में गणेश उत्सव के दौरान बॉलीवुड और टीवी सितारों के घरों में पूजा और विसर्जन का सिलसिला जारी है।गणपति बप्पा की विदाई के दौरान सितारों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में हैं। रणबीर-आलिया से लेकर एकता कपूर के घर आयोजित गणेश पूजा तक, फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने उत्सव में हिस्सा लिया।

