‘रामायण’ का बजट 800 करोड़ से भी कम, वीडियो में जाने दूसरा भाग पहले से 10 गुना ज्यादा कमाई करेगा: राम गोपाल वर्मा
फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ के बजट और बॉक्स ऑफिस कमाई को लेकर उठ रहे सवालों पर प्रतिक्रिया दी है। फिल्म दो बार देख चुके वर्मा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक लंबा नोट साझा किया। उन्होंने दावा किया कि ‘रामायण: पार्ट 1’ का वास्तविक बजट 800 करोड़ रुपये से भी कम है। साथ ही उन्होंने फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा के विजन की तारीफ करते हुए भविष्यवाणी की कि 2028 में रिलीज होने वाला दूसरा भाग पहले भाग से 10 गुना ज्यादा कारोबार कर सकता है।
4000 करोड़ के बजट की चर्चाओं को बताया गलत
राम गोपाल वर्मा ने अपने नोट में कहा कि फिल्म के बजट को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कुछ लोगों का दावा है कि फिल्म के एक भाग पर 2000 करोड़ रुपये और दोनों भागों पर कुल 4000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वर्मा के मुताबिक, उन्हें मिली जानकारी के अनुसार पहले भाग की वास्तविक लागत 800 करोड़ रुपये से थोड़ी कम है।उन्होंने बताया कि फिल्म की लागत को कम करने में आपसी फायदे वाली कारोबारी साझेदारी, वैश्विक कर छूट और सब्सिडी जैसी व्यवस्थाओं की भूमिका है। इन लाभों को शामिल करने के बाद निर्माता का अंतिम खर्च और कम हो जाता है।
दोनों भागों का बजट बराबर नहीं हो सकता
वर्मा ने यह भी कहा कि दोनों भागों का बजट बराबर मानना सही नहीं है। उन्होंने इसकी तुलना किसी फिल्म के इंटरवल से पहले और बाद के हिस्सों से करते हुए कहा कि दोनों हिस्सों पर एक समान खर्च नहीं होता। कई फिल्मों में कुल बजट का 50 प्रतिशत तक हिस्सा सिर्फ क्लाइमैक्स पर खर्च किया जाता है।निर्माता नमित मल्होत्रा के विजन की तारीफ करते हुए वर्मा ने कहा कि फिल्म का दूसरा भाग पहले से कहीं ज्यादा बड़ा कारोबार कर सकता है। उनके मुताबिक, 2028 में रिलीज होने वाला दूसरा भाग पहले भाग की तुलना में 10 गुना ज्यादा कमाई करने की क्षमता रखता है। हालांकि, ये राम गोपाल वर्मा के अपने अनुमान हैं, फिल्म की वास्तविक कमाई रिलीज के बाद ही पता चलेगी।

