राजेश खन्ना केस: हाईकोर्ट के फैसले पर अनीता आडवाणी की प्रतिक्रिया, वीडियो में देंखे बोलीं- ‘यह न्याय का घोर मजाक’
दिवंगत अभिनेता राजेश खन्ना से जुड़े एक लंबे समय से चले आ रहे कानूनी मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा रिश्ते को विवाह मानने से इनकार किए जाने के बाद अनीता आडवाणी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अदालत के फैसले पर असंतोष जताते हुए इसे “न्याय का घोर मजाक” बताया है।अनीता आडवाणी का दावा है कि वह राजेश खन्ना के साथ 10 साल से अधिक समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहीं। इसी आधार पर उन्होंने इस संबंध को वैध विवाह की मान्यता दिलाने के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।
हालांकि, 1 अप्रैल 2026 को अदालत ने उनकी याचिका को खारिज कर दिया। कोर्ट के इस फैसले के बाद अनीता आडवाणी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह इस निर्णय से सहमत नहीं हैं और वह अपनी कानूनी लड़ाई को आगे भी जारी रखेंगी।उन्होंने कहा कि वह उन लोगों में से नहीं हैं जो डरकर पीछे हट जाते हैं। अनीता के अनुसार, वह अपने सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगी और जरूरत पड़ने पर आगे भी कानूनी कदम उठाएंगी।
यह मामला एक बार फिर से फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े पुराने विवादों और लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर कानूनी दृष्टिकोण पर चर्चा का विषय बन गया है। फैसले के बाद सोशल मीडिया और कानूनी हलकों में भी इस मुद्दे पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।फिलहाल अदालत के फैसले को कानूनी रूप से अंतिम माना जा रहा है, जबकि अनीता आडवाणी की ओर से आगे की रणनीति पर विचार किया जा रहा है।

