कटरीना कैफ की बढ़ी उम्र और वजन पर ट्रोलिंग, वीडियो में जाने प्रियंका चतुर्वेदी और खुशबू सुंदर ने किया बचाव
एक्ट्रेस कटरीना कैफ हाल ही में अंबानी परिवार के गणपति सेलिब्रेशन में शामिल हुईं। इस दौरान उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, जिसके बाद उनके बढ़े हुए वजन को लेकर चर्चा शुरू हो गई। पोस्ट प्रेग्नेंसी वजन को लेकर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने कटरीना को ट्रोल किया। अब एक्ट्रेस के बचाव में पूर्व सांसद प्रियंका चतुर्वेदी और भारतीय जनता पार्टी की नेता व साउथ एक्ट्रेस खुशबू सुंदर सामने आई हैं। दोनों ने महिलाओं की उम्र और शरीर को लेकर होने वाली सार्वजनिक टिप्पणियों पर सवाल उठाए हैं।
प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्रोलर्स को दिया जवाब
प्रियंका चतुर्वेदी ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर महिलाओं के शरीर और उम्र को लेकर होने वाली टिप्पणियों की आलोचना की। उन्होंने लिखा कि किसी महिला का वजन बढ़ा है या घटा है, उसकी उम्र कितनी है, वह कैसी दिखती है, उसका शरीर कैसा है या उसकी स्किन कैसी है, इन चीजों का हिसाब उसे किसी को देने की जरूरत नहीं है।प्रियंका ने कहा कि महिलाओं को उन लोगों के सामने सफाई देने की आवश्यकता नहीं है, जिनके पास दूसरों की जिंदगी पर टिप्पणी करने के अलावाकोई काम नहीं है। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर कटरीना कैफ को लेकर चल रही ट्रोलिंग के संदर्भ में देखा जा रहा है।
खुशबू सुंदर ने भी उठाया उम्र को लेकर सवाल
भारतीय जनता पार्टी की नेता और साउथ एक्ट्रेस खुशबू सुंदर ने भी कटरीना का बचाव किया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसी महिला की उम्र को हमेशा सार्वजनिक चर्चा का विषय क्यों बना दिया जाता है।खुशबू सुंदर ने कहा कि जैसे ही कोई महिला उम्र के एक पड़ाव को पार करती है, समाज उसे अलग-अलग पैमानों पर आंकना शुरू कर देता है। उन्होंने महिलाओं की उम्र, लुक और शरीर को लेकर होने वाली लगातार टिप्पणियों पर सवाल खड़े किए।
पोस्ट प्रेग्नेंसी बदलावों को लेकर हो रही चर्चा
कटरीना कैफ के पोस्ट प्रेग्नेंसी वजन को लेकर सोशल मीडिया पर जिस तरह की टिप्पणियां सामने आईं, उसने एक बार फिर सेलिब्रिटीज के शरीर को लेकर होने वाली ऑनलाइन ट्रोलिंग की बहस को सामने ला दिया है। अक्सर अभिनेत्रियों के वजन, उम्र, त्वचा और लुक में होने वाले बदलाव सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन जाते हैं।
हालांकि, समय के साथ शरीर में बदलाव होना सामान्य प्रक्रिया है। खासकर प्रेग्नेंसी और बच्चे के जन्म के बाद महिलाओं के शरीर में कई तरह के बदलाव आते हैं। ऐसे में प्रियंका चतुर्वेदी और खुशबू सुंदर के बयान ने इस मुद्दे पर महिलाओं को उनके शरीर और उम्र के आधार पर जज किए जाने को लेकर बहस को फिर चर्चा में ला दिया है।कटरीना कैफ की ओर से इस ट्रोलिंग पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में भी कई लोग पोस्ट कर रहे हैं और कह रहे हैं कि किसी महिला के शरीर या उम्र को सार्वजनिक टिप्पणी का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।

