‘स्पिरिट’ को लेकर समीक्षकों को प्रणय रेड्डी वांगा की चुनौती, बोले- बॉक्स ऑफिस का फैसला दर्शक करते हैं
फिल्म निर्माता संदीप रेड्डी वांगा के भाई और प्रोड्यूसर प्रणय रेड्डी वांगा ने समीक्षकों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अपनी फिल्म ‘रोमांचकम’ की समीक्षा करने वाले क्रिटिक्स को चुनौती देते हुए कहा कि आने वाली फिल्म ‘स्पिरिट’ को भी उसी नजरिए से परखा जाना चाहिए।‘स्पिरिट’ में अभिनेता प्रभास और तृप्ति डिमरी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन संदीप रेड्डी वांगा कर रहे हैं। वहीं, इसे भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, प्रणय रेड्डी वांगा और प्रभाकर रेड्डी वांगा प्रोड्यूस कर रहे हैं।
समीक्षकों पर उठाए सवाल
प्रणय रेड्डी वांगा ने यूट्यूब चैनल टैग तेलुगु से बातचीत के दौरान कहा कि समीक्षकों को फिल्मों का मूल्यांकन एक समान नजरिए से करना चाहिए।उन्होंने कहा कि अगर किसी फिल्म को लेकर आलोचना की जाती है तो वही पैमाना दूसरी फिल्मों पर भी लागू होना चाहिए।
‘रोमांचकम’ को मिली थी मिली-जुली प्रतिक्रिया
संदीप रेड्डी वांगा के प्रोडक्शन से जुड़ी फिल्म ‘रोमांचकम’ 3 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली से लेकर औसत प्रतिक्रियाएं मिली थीं।प्रणय ने कहा कि किसी फिल्म की समीक्षा हमेशा उसके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को तय नहीं करती।
‘खराब समीक्षा के बाद भी हिट होती हैं फिल्में’
प्रणय रेड्डी वांगा का कहना है कि कई बार ऐसी फिल्में भी होती हैं, जिन्हें समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया नहीं मिलती, लेकिन वे बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करती हैं।वहीं, कुछ फिल्मों को शानदार समीक्षाएं मिलने के बावजूद वे दर्शकों से जुड़ नहीं पातीं और उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पातीं।उन्होंने कहा कि आखिरकार किसी फिल्म की सफलता या असफलता का अंतिम फैसला दर्शक ही करते हैं।
‘स्पिरिट’ को लेकर बढ़ी चर्चा
संदीप रेड्डी वांगा की फिल्मों में दमदार कहानी और अलग तरह के किरदारों के लिए चर्चा रहती है। उनकी पिछली फिल्मों की तरह अब ‘स्पिरिट’ को लेकर भी दर्शकों में काफी उत्सुकता है।प्रणय रेड्डी वांगा के बयान के बाद फिल्म समीक्षा और बॉक्स ऑफिस के बीच संबंध को लेकर एक बार फिर बहस शुरू हो गई है।

