Samachar Nama
×

‘पंचायत’ सीजन 5 की रिलीज डेट घोषित, वीडियो में जाने 3 दिसंबर से ओटीटी पर लौटेंगे सचिवजी और फुलेरा गांव के लोग

‘पंचायत’ सीजन 5 की रिलीज डेट घोषित, वीडियो में जाने 3 दिसंबर से ओटीटी पर लौटेंगे सचिवजी और फुलेरा गांव के लोग

लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्राइम वीडियो ने बुधवार को सीरीज के पांचवें सीजन की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया। ‘पंचायत’ का नया सीजन 3 दिसंबर से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा। इसके साथ ही यह भारत की दूसरी ऐसी वेब सीरीज बन जाएगी, जिसके पांच सीजन ओटीटी पर रिलीज हो चुके होंगे।इससे पहले टीवीएफ की ही वेब सीरीज ‘गुल्लक’ यह उपलब्धि हासिल कर चुकी है। ‘गुल्लक’ भारत की पहली ऐसी वेब सीरीज है, जिसके पांच सीजन रिलीज हुए हैं। यह पारिवारिक कॉमेडी-ड्रामा सोनी लिव पर स्ट्रीम होती है। इसका पहला सीजन साल 2019 में दर्शकों के सामने आया था।

फिर लौटेगी फुलेरा गांव की कहानी

‘पंचायत’ के पांचवें सीजन में दर्शकों को एक बार फिर फुलेरा गांव की दुनिया देखने को मिलेगी। सचिवजी और गांव के दूसरे किरदार नई कहानी के साथ वापसी करेंगे। इस बार भी कहानी में गांव की राजनीति, बदलते रिश्ते और हल्के-फुल्के हास्य का तड़का देखने को मिलेगा।नए सीजन में सचिवजी और बनराकस के बीच खींचतान कहानी का अहम हिस्सा रहने वाली है। फुलेरा को नया प्रधान मिल चुका है और बनराकस यानी भूषण अब नए प्रधानपति के रूप में क्या भूमिका निभाएगा, यह देखना दिलचस्प होगा। सीरीज के नए सीजन को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।

पुरानी स्टारकास्ट के साथ आएंगे नए ट्विस्ट

‘पंचायत’ के पांचवें सीजन में जितेंद्र कुमार सचिवजी के किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक भी अपनी भूमिकाओं में दिखाई देंगे।सीरीज का निर्माण द वायरल फीवर यानी टीवीएफ ने किया है। इसका निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। वहीं, सीरीज के क्रिएटर्स दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार हैं।

‘पंचायत’ ने बनाई दर्शकों के बीच खास पहचान

‘पंचायत’ अपनी सरल कहानी, गांव के माहौल और यादगार किरदारों के कारण दर्शकों के बीच खास पहचान बना चुकी है। सीरीज में ग्रामीण जीवन, स्थानीय राजनीति, सरकारी व्यवस्था और आपसी रिश्तों को हास्य के साथ दिखाया जाता है। यही वजह है कि सचिवजी, प्रधानजी, मंजू देवी और बनराकस जैसे किरदार दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुए हैं।अब पांचवें सीजन में फुलेरा गांव की राजनीति किस करवट बैठेगी और नए प्रधान के आने के बाद बनराकस की क्या रणनीति होगी, इसका जवाब 3 दिसंबर को मिलेगा।

Share this story

Tags