Samachar Nama
×

200 करोड़ की ठगी मामले में नोरा फतेही को समन, वीडियो में जाने 2 नवंबर को राउज एवेन्यू कोर्ट में होंगी पेश, सरकारी गवाह के तौर पर दर्ज होगा बयान

200 करोड़ की ठगी मामले में नोरा फतेही को समन, वीडियो में जाने 2 नवंबर को राउज एवेन्यू कोर्ट में होंगी पेश, सरकारी गवाह के तौर पर दर्ज होगा बयान

बॉलीवुड एक्ट्रेस और डांसर नोरा फतेही की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ सकती हैं। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उन्हें सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपए की ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में समन जारी किया है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, कोर्ट ने नोरा को 2 नवंबर को पेश होने का निर्देश दिया है। उन्हें इस मामले में सरकारी गवाह के तौर पर अपना बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है।अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से दाखिल तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट के आधार पर यह आदेश जारी किया है। इस मामले में सुकेश चंद्रशेखर पर रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपए की ठगी करने का आरोप है।

सुकेश से महंगे गिफ्ट लेने का आरोप

जांच एजेंसियों के मुताबिक, सुकेश चंद्रशेखर ने कथित तौर पर ठगी से हासिल रकम का इस्तेमाल कई महंगे उपहार खरीदने में किया था। नोरा फतेही पर आरोप है कि उन्हें इसी रकम से लग्जरी कार, महंगे बैग और ज्वेलरी जैसे गिफ्ट दिए गए थे।इस मामले में ED पहले भी नोरा फतेही से कई बार पूछताछ कर चुकी है। जांच के दौरान नोरा और सुकेश को आमने-सामने बैठाकर भी सवाल-जवाब किए गए थे। एजेंसी ने उनसे सुकेश के साथ संपर्क और कथित तौर पर मिले महंगे उपहारों को लेकर जानकारी मांगी थी।

एक करोड़ से ज्यादा की कार मिलने की बात कही थी

पूछताछ के दौरान नोरा फतेही ने एक लग्जरी कार गिफ्ट में मिलने की बात स्वीकार की थी। बताया गया था कि इस कार की कीमत एक करोड़ रुपए से ज्यादा थी। यह गाड़ी उन्हें वर्ष 2020 में चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उपहार में दी गई थी।जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि सुकेश की ओर से दिए गए उपहारों का संबंध कथित ठगी की रकम से था या नहीं। इसी मामले में ED ने अपनी तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में नोरा से जुड़े तथ्यों का भी उल्लेख किया है।

नोरा ने खुद को बताया था पीड़ित

नोरा फतेही ने हमेशा किसी भी गलत काम में शामिल होने से इनकार किया है। जांच एजेंसियों के सामने दिए गए बयानों में उन्होंने खुद को इस मामले में पीड़ित बताया था। उनका कहना रहा है कि उन्हें सुकेश चंद्रशेखर की कथित गतिविधियों की जानकारी नहीं थी।अब कोर्ट ने उन्हें सरकारी गवाह के तौर पर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है। 2 नवंबर को होने वाली सुनवाई में उनका बयान इस मामले की जांच और सुनवाई के लिहाज से महत्वपूर्ण हो सकता है।

क्या है 200 करोड़ रुपए की ठगी का मामला?

सुकेश चंद्रशेखर पर आरोप है कि उसने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपए की ठगी की थी। इस मामले में ED मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही है।जांच एजेंसियों का दावा है कि ठगी से हासिल रकम का इस्तेमाल महंगी गाड़ियों, गिफ्ट और अन्य संपत्तियों पर किया गया। इस मामले में कई बॉलीवुड हस्तियों से भी पूछताछ हो चुकी है। अब नोरा फतेही को सरकारी गवाह के तौर पर बुलाए जाने के बाद मामले की अगली सुनवाई पर नजर रहेगी।

Share this story

Tags