8 साल की उम्र में काम करने लगे थे मुनव्वर फारुकी, रोज कमाते थे 10-20 रुपए; वीडियो में जाने आर्थिक तंगी के कारण छठी के बाद छोड़ी पढ़ाई
कॉमेडियन और बिग बॉस-17 के विनर मुनव्वर फारुकी ने अपने बचपन के संघर्षों को याद करते हुए कई खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि महज 8 साल की उम्र में उन्होंने काम करना शुरू कर दिया था। एक छोटी-सी दुकान पर सामान बेचकर वे रोजाना 10 से 20 रुपए कमाते थे। पढ़ाई में अच्छे होने और क्लास में टॉप करने के बावजूद परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उन्हें छठी कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़नी पड़ी।
मुनव्वर ने ये बातें पूर्व टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान बताईं। उन्होंने अपने शुरुआती दिनों के बारे में बताते हुए कहा कि बचपन में ही परिवार की जिम्मेदारियों को समझना पड़ा था। कम उम्र में काम शुरू करने के पीछे आर्थिक तंगी एक बड़ी वजह थी।
8 साल की उम्र में पहली बार किया काम
मुनव्वर फारुकी ने बताया कि उन्होंने 8 साल की उम्र में एक छोटी दुकान पर काम करना शुरू किया था। वहां वे अलग-अलग तरह का सामान बेचते थे। इस काम के बदले उन्हें रोजाना 10 से 20 रुपए मिलते थे। इसके बाद 11 साल की उम्र में उन्होंने एक गिफ्ट शॉप पर भी काम किया। वहां उन्होंने करीब 2 से 4 महीने तक काम किया।हालांकि, बर्तन की दुकान पर काम करना उनकी पहली नियमित नौकरी थी। मुनव्वर ने मुंबई के डोंगरी इलाके के नल बाजार में बर्तनों की दुकान पर कई साल तक काम किया। इस दौरान उन्होंने परिवार की आर्थिक मदद करने के साथ अपना खर्च चलाने की कोशिश की।
पढ़ाई में अच्छे थे, लेकिन छोड़ना पड़ा स्कूल
कॉमेडियन ने बताया कि वे पढ़ाई में अच्छे थे और अपनी क्लास में टॉप भी करते थे। इसके बावजूद परिवार की आर्थिक परेशानियों के चलते उन्हें छठी कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़नी पड़ी। उनके लिए यह दौर आसान नहीं था, लेकिन परिवार की मदद करने के लिए उन्होंने छोटी उम्र में ही काम करना जारी रखा।
मां के निधन के बाद मुंबई आए थे मुनव्वर
गुजरात के जूनागढ़ में जन्मे मुनव्वर फारुकी किशोरावस्था में मां के निधन के बाद मुंबई आ गए थे। यहां उन्होंने परिवार की मदद और अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए कई छोटे-मोटे काम किए। बर्तन की दुकान पर नौकरी करने के अलावा वे ग्राफिक आर्टिस्ट के तौर पर भी काम कर चुके हैं।
छोटे कामों से स्टैंडअप कॉमेडी तक का सफर
मुनव्वर ने धीरे-धीरे स्टैंडअप कॉमेडी की दुनिया में अपनी पहचान बनानी शुरू की। उनके कॉमेडी वीडियो और यूट्यूब परफॉर्मेंस को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलने लगा। इसके बाद वे मनोरंजन जगत में लोकप्रिय हुए और रियलिटी शो बिग बॉस-17 के विजेता बने।मुनव्वर की यह कहानी बताती है कि उन्होंने बचपन से ही आर्थिक चुनौतियों का सामना किया। छोटी दुकानों पर काम करने से लेकर स्टैंडअप कॉमेडी और रियलिटी शो की दुनिया में पहचान बनाने तक का उनका सफर संघर्षों से भरा रहा है।

