कंगना रनोट के बयान पर छिड़ी बहस, वीडियो में देंखे नई पीढ़ी की महिलाओं को बताया 'गटर जेनरेशन'
सांसद और अभिनेत्री कंगना रनोट ने नई पीढ़ी की भारतीय महिलाओं को लेकर दिए गए अपने बयान से एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक पोस्ट में कुछ युवा महिलाओं की जीवनशैली की आलोचना करते हुए उन्हें "गटर जेनरेशन" कहा। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस शुरू हो गई है।
कंगना रनोट ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी में लिखा कि सबसे शर्मनाक बात उन युवा हिंदू महिलाओं का व्यवहार है, जो उनके अनुसार स्वतंत्र और करियर बनाने वाली महिलाओं की नकल तो करना चाहती हैं, लेकिन उस आजादी के साथ आने वाली जिम्मेदारियों को नहीं निभाना चाहतीं।
उन्होंने लिखा कि उनके अनुसार वास्तविक रूप से स्वतंत्र महिलाएं अपने फैसले खुद लेती हैं, परंपराओं से अलग रास्ता चुनती हैं, अपनी राय खुलकर रखती हैं और अपने निर्णयों की पूरी जिम्मेदारी भी उठाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी महिलाएं अपने फैसलों की कीमत स्वयं चुकाती हैं और परिवार पर उसका बोझ नहीं डालतीं।अपने पोस्ट में कंगना ने आगे दावा किया कि पश्चिमी सोच से प्रभावित भारतीय महिलाओं की एक नई पीढ़ी सामने आई है, जिसे उन्होंने "गटर जेनरेशन" कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी महिलाओं के पास समाज को देने के लिए कुछ खास नहीं है और उनकी सोच व मानसिकता पर भी सवाल उठाए।
कंगना के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग उनके विचारों का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई यूजर्स और सामाजिक कार्यकर्ता उनके बयान को आपत्तिजनक और महिलाओं के प्रति अपमानजनक बता रहे हैं।फिलहाल, इस बयान को लेकर किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया या कानूनी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, कंगना रनोट का यह बयान सोशल मीडिया और सार्वजनिक विमर्श में चर्चा का विषय बन गया है।

