इम्तियाज अली ने की ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी की तारीफ, वीडियो में बोले- फिल्म ने इंडस्ट्री की पुरानी सोच बदल दी
फिल्ममेकर इम्तियाज अली ने रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में कई लोगों को लगता था कि यह फिल्म सफल नहीं होगी, लेकिन इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की पुरानी सोच को बदल दिया। इम्तियाज ने यह बातें हिंदुस्तान टाइम्स समिट के दौरान बातचीत में कहीं।आदित्य धर के निर्देशन में बनी जासूसी रोमांचक फिल्म फ्रेंचाइजी के दोनों भागों को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। इम्तियाज अली ने इस मौके पर हिंदी सिनेमा के मौजूदा दौर, फिल्मों की सफलता और दर्शकों की बदलती पसंद पर भी अपनी राय रखी।
फिल्मों की सफलता को लेकर बदल रही सोच
इम्तियाज अली ने कहा कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री इस समय एक दिलचस्प दौर से गुजर रही है। फिल्म बनाने वालों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि दर्शकों को क्या पसंद आएगा। कभी कहा जाता है कि फिल्म में बड़ा सितारा होना चाहिए, तो कभी बिना बड़े सितारे के फिल्म बनाने की सलाह दी जाती है। इसके बावजूद कई बार दोनों तरह की फिल्में सफल नहीं हो पातीं।उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में यह चर्चा भी होती रहती है कि दर्शकों का ध्यान अब ज्यादा देर तक किसी फिल्म पर नहीं टिकता और लंबी फिल्में सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पातीं। लेकिन ‘धुरंधर’ ने इन धारणाओं को चुनौती दी है।
तीन घंटे की फिल्म ने तोड़ी धारणा
इम्तियाज अली ने कहा कि ‘धुरंधर’ करीब तीन घंटे लंबी फिल्म है और इसके बावजूद इसने शानदार प्रदर्शन किया। इससे यह साफ होता है कि दर्शक लंबी फिल्में देखने से परहेज नहीं करते, बशर्ते कहानी और फिल्म उन्हें पसंद आए।उनके मुताबिक, फिल्म की सफलता ने फिल्ममेकर्स के सामने दर्शकों की पसंद को समझने का नया नजरिया रखा है। अब केवल फिल्म की लंबाई, कलाकारों की लोकप्रियता या पुराने बॉक्स ऑफिस के नियमों के आधार पर उसकी सफलता का अंदाजा लगाना आसान नहीं है।
दर्शकों की पसंद समझना सबसे बड़ी चुनौती
इम्तियाज की इस टिप्पणी से हिंदी सिनेमा में चल रही उस बहस को भी मजबूती मिली है, जिसमें फिल्मों की लंबाई, बड़े सितारों की भूमिका और दर्शकों की बदलती पसंद पर चर्चा हो रही है। ‘धुरंधर’ की सफलता को उन्होंने इसी बदलते दौर का उदाहरण बताया।

