हनी सिंह के नए गाने से फिर गरमाई बादशाह से जुड़ी चर्चा, फुटेज में देंखे शराब ब्रांड को लेकर तंज के दावे; 21 मिलियन से ज्यादा व्यूज
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में एक बार फिर यो यो हनी सिंह और बादशाह को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हनी सिंह ने अपना नया गाना ‘कासा टुपका एंथम’ रिलीज किया है, जिसे लेकर सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि इस गाने में उन्होंने रैपर बादशाह पर निशाना साधा है। हालांकि, हनी सिंह की ओर से गाने में किसी व्यक्ति का नाम लेकर कोई सीधा बयान नहीं दिया गया है। वहीं, इस मामले पर अब तक बादशाह की तरफ से भी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
गाने के बोल को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा
हनी सिंह के इस नए गाने को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि गाने में शराब के कारोबार को लेकर किए गए तंज बादशाह के प्रीमियम शराब ब्रांड से जुड़े हुए हैं।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावों के मुताबिक, गाने में हनी सिंह ने बादशाह के ब्रांड को लेकर कटाक्ष किया है। यूजर्स कुछ लाइनों को बादशाह के लिए इशारा बता रहे हैं। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रमोशनल गाने को मिले शानदार व्यूज
‘कासा टुपका एंथम’ हनी सिंह के प्रीमियम शराब ब्रांड के प्रमोशन से जुड़ा गाना बताया जा रहा है। रिलीज के दो दिन के अंदर ही इसे यूट्यूब पर 21 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।गाने में हनी सिंह का रैप स्टाइल और हाई एनर्जी परफॉर्मेंस देखने को मिल रही है। रिलीज के बाद से ही यह गाना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
हनी सिंह और बादशाह का पुराना विवाद
हनी सिंह और बादशाह दोनों पंजाबी और भारतीय रैप म्यूजिक के चर्चित नाम हैं। दोनों कलाकार पहले एक ही म्यूजिक ग्रुप से जुड़े थे, लेकिन बाद में दोनों के रास्ते अलग हो गए।इसके बाद कई मौकों पर दोनों के बीच मतभेद और बयानबाजी की खबरें सामने आती रही हैं। अब नए गाने के बाद एक बार फिर दोनों रैपर्स को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है।फिलहाल हनी सिंह या बादशाह की ओर से इस गाने को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

