‘गोंधल’ बनी भारत की आधिकारिक एंट्री, वीडियो में जाने धुरंधर’ को मिले थे 4 वोट
मराठी थ्रिलर फिल्म ‘गोंधल’ को 99वें अकादमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री चुना गया है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) की ज्यूरी ने 33 फिल्मों में से संतोष दवखर की इस फिल्म का चयन किया। ‘गोंधल’ बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।इस साल भारत की ऑस्कर एंट्री के लिए कई चर्चित फिल्मों के नाम रेस में थे, जिनमें रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ और ‘हनुमान अंश’ भी शामिल थीं। चयन के बाद FFI ज्यूरी सदस्य विवेक वासवानी ने ‘धुरंधर’ को लेकर भी जानकारी साझा की।
‘धुरंधर’ को मिले 4 वोट
विवेक वासवानी के मुताबिक 14 सदस्यीय ज्यूरी में ‘धुरंधर’ को 4 वोट मिले थे। उन्होंने NDTV से बातचीत में बताया कि कुछ ज्यूरी सदस्यों को फिल्म पसंद आई, लेकिन इसे भारत की ऑस्कर एंट्री के तौर पर चुना नहीं गया। वासवानी के अनुसार ज्यूरी ऐसी फिल्म चुनना चाहती थी, जो भारतीय संस्कृति को अलग तरीके से सामने रख सके और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए भी प्रभावी हो।
महाराष्ट्र की लोक परंपरा पर आधारित है ‘गोंधल’
संतोष दवखर की लिखी और निर्देशित ‘गोंधल’ महाराष्ट्र की पारंपरिक लोक परंपरा और गोंधल अनुष्ठान की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म है। कहानी ग्रामीण महाराष्ट्र में एक रात के दौरान होने वाले पारंपरिक गोंधल समारोह के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है। फिल्म में सामाजिक वास्तविकताओं, आस्था और रिश्तों से जुड़े पहलुओं को थ्रिलर के अंदाज में पेश किया गया है।फिल्म के निर्देशक संतोष दवखर को 2025 में 56वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में ‘सिल्वर पीकॉक’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।
33 फिल्मों में से हुआ चयन
FFI के मुताबिक इस साल भारत की आधिकारिक ऑस्कर एंट्री के लिए कुल 33 फिल्में विचार में थीं। ज्यूरी ने सभी फिल्मों को देखने के बाद चयन प्रक्रिया पूरी की। ‘गोंधल’ को इस प्रक्रिया के बाद भारत की ओर से 99वें अकादमी अवॉर्ड्स के लिए भेजा गया है। ‘गोंधल’ अब ऑस्कर के इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर आगे की प्रक्रिया में शामिल हो। 99वें अकादमी अवॉर्ड्स का आयोजन 14 मार्च 2027 को लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर में निर्धारित है।

