Samachar Nama
×

अमिताभ बच्चन को धमकी देने पर गोल्डी ढिल्लों को गैंग के लोगों ने घेरा, वीडियो में मन्ना और मंदीप बोले- पब्लिसिटी का भूखा है

अमिताभ बच्चन को धमकी देने पर गोल्डी ढिल्लों को गैंग के लोगों ने घेरा, वीडियो में मन्ना और मंदीप बोले- पब्लिसिटी का भूखा है

बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन को धमकी देने के मामले में गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों को अब अपने ही कथित गैंग के लोगों की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। लॉरेंस गैंग के कथित कनाडा हैंडलर मन्ना ब्रैम्पटन और स्पेन में मौजूद मंदीप स्पेन ने सोशल मीडिया पर गोल्डी ढिल्लों को निशाने पर लिया है। दोनों ने उसे पब्लिसिटी पाने का भूखा बताते हुए दावा किया कि वह अमिताभ बच्चन जैसे बड़े कलाकार को नुकसान पहुंचाने की क्षमता नहीं रखता।दरअसल, सोमवार को गोल्डी ढिल्लों की ओर से सोशल मीडिया पर अमिताभ बच्चन को धमकी देने वाली पोस्ट की गई थी। इसके अगले दिन मन्ना ब्रैम्पटन और मंदीप स्पेन ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी। दोनों ने गोल्डी के दावों पर सवाल उठाते हुए उसके पुराने आपराधिक इतिहास को लेकर कई आरोप लगाए। हालांकि, सोशल मीडिया पर किए गए इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

मैड संधू की हत्या का भी लगाया आरोप

मन्ना और मंदीप ने गोल्डी ढिल्लों पर अमृतसर में एलजीबीटीक्यू सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि गोल्डी केवल चर्चा में बने रहने के लिए बड़े लोगों को धमकाने की कोशिश करता है।दोनों ने कहा कि गोल्डी अमिताभ बच्चन जैसे बड़े कलाकार को निशाना बनाने की ताकत नहीं रखता। यहां तक कि वह अभिनेता के घर में काम करने वाले लोगों को भी नुकसान नहीं पहुंचा सकता। उन्होंने गोल्डी की ओर से दी गई धमकी को पब्लिसिटी हासिल करने का तरीका बताया।

जर्मनी में रेस्टोरेंट में बर्तन धोने का किया दावा

मन्ना और मंदीप ने गोल्डी के पुराने जीवन को लेकर भी कई दावे किए। उनके मुताबिक, गोल्डी पहले जर्मनी के एक रेस्टोरेंट में बर्तन धोने का काम करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि वह पंजाब में चोरी और हेरोइन की बिक्री जैसे अपराधों में शामिल रहा है। दोनों ने दावा किया कि उसके खिलाफ नशे की तस्करी और केबल तार चोरी से जुड़े मामले में प्राथमिकी भी दर्ज थीं।उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों का बदला लेने की बात को भी लोगों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश बताया। इसके अलावा हथियार रखने को लेकर गोल्डी के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जर्मनी में एक हमले के दौरान उसके पास बचाव के लिए केवल चाकू था। वह किसी तरह वहां से बच निकला और बाद में जर्मनी छोड़कर चला गया।

कनाडा में वारदातों से पहचान दिलाने का दावा

दोनों ने यह भी दावा किया कि कनाडा में तीन हत्याएं और 20 से 25 फायरिंग की घटनाएं करवाकर उन्होंने गोल्डी ढिल्लों को अपराध की दुनिया में पहचान दिलाई थी। उनके आरोपों के मुताबिक, गोल्डी अपने लोगों के जरिए वारदात करवाता था और बाद में खुद पुलिस को सूचना देकर उन्हें गिरफ्तार करवा देता था।इस पूरे घटनाक्रम के बाद गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों और लॉरेंस गैंग से जुड़े बताए जा रहे लोगों के बीच कथित मतभेद चर्चा में आ गए हैं। अमिताभ बच्चन को दी गई धमकी के बाद सोशल मीडिया पर शुरू हुई यह बयानबाजी अब एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाने तक पहुंच गई है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि संबंधित जांच एजेंसियों या आधिकारिक दस्तावेजों से होना बाकी है।

Share this story

Tags