‘डॉन 3’ विवाद पर फरहान अख्तर का बयान, रणवीर सिंह के बाहर होने से प्रोडक्शन को 40 करोड़ का नुकसान, वीडियो में देंखे बोले- हर चीज के लिए रहना पड़ता है तैयार
फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर एक्टर रणवीर सिंह और डायरेक्टर फरहान अख्तर के बीच चल रहे कथित विवाद ने अब इंडस्ट्री में सुर्खियां बटोर ली हैं। इस पूरे मामले पर पहली बार फरहान अख्तर ने खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है और इसे अपने करियर का एक “मुश्किल चैप्टर” बताया है।हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में फरहान अख्तर ने कहा कि फिल्म निर्माण की प्रक्रिया में किसी भी चीज को हल्के में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने कहा, “मैंने इस अनुभव से सीखा है कि आपको हमेशा अनहोनी के लिए तैयार रहना चाहिए। जब तक फिल्म की शूटिंग पूरी न हो जाए, किसी भी चीज को पक्का नहीं माना जा सकता।”
फरहान ने आगे कहा कि उनके करियर में अब तक कई अच्छे और सफल अनुभव रहे हैं, इसलिए वे इस तरह की चुनौतियों से ज्यादा प्रभावित नहीं होते। उन्होंने इस स्थिति को सहजता से स्वीकार करते हुए आगे बढ़ने की बात कही।रणवीर सिंह को लेकर सामने आए इस विवाद के बाद मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि उनके फिल्म से अलग होने के फैसले से प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट को लगभग 40 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
हालांकि इस पूरे मामले पर आधिकारिक तौर पर अभी तक सभी पक्षों की विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन इंडस्ट्री में इसे एक बड़े प्रोजेक्ट से जुड़ी महत्वपूर्ण रुकावट के तौर पर देखा जा रहा है।‘डॉन’ फ्रेंचाइजी पहले से ही भारतीय सिनेमा की लोकप्रिय फिल्मों में शामिल रही है, और ऐसे में तीसरे भाग से जुड़ा यह विवाद फिल्म प्रेमियों और इंडस्ट्री दोनों के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल सभी की नजर इस बात पर है कि ‘डॉन 3’ के भविष्य को लेकर आगे क्या निर्णय लिया जाता है और क्या यह प्रोजेक्ट बिना और बदलावों के आगे बढ़ पाएगा या इसमें और बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।

