‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में विनर बनने के बाद भी रिलीज नहीं हुआ एपिसोड, वीडियो में जाने थिएटर आर्टिस्ट सुभाष बोले- 30 साल की मेहनत बेकार गई
समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में अपनी गायकी और अभिनय से जजों को प्रभावित करने वाले मध्य प्रदेश के थिएटर आर्टिस्ट सुभाष अहिरवार इन दिनों निराश हैं। छतरपुर जिले के पीपट गांव के रहने वाले सुभाष का दावा है कि उन्हें शो का विजेता चुना गया था। सभी जजों ने उन्हें 10 में से 10 अंक दिए थे और इनाम की रकम भी उनके बैंक खाते में पहुंच गई थी। इसके बावजूद उनका एपिसोड अब तक यूट्यूब पर रिलीज नहीं हुआ है। सुभाष का कहना है कि इस शो से उन्हें पहचान और काम मिलने की उम्मीद थी, लेकिन एपिसोड अपलोड नहीं होने से उनका बड़ा मौका छिन गया।
सुभाष के मुताबिक, वह साल 2014 से थिएटर कर रहे हैं। लंबे समय से अभिनय और गायकी के क्षेत्र में मेहनत करने के बाद उन्हें लगा था कि अब उनकी प्रतिभा को बड़ा मंच मिल गया है। उन्हें उम्मीद थी कि शो में जीतने के बाद उनकी जिंदगी बदल सकती है और मनोरंजन जगत में काम के नए अवसर मिलेंगे।
4 अगस्त को हुई थी शो की शूटिंग
सुभाष ने बताया कि 4 अगस्त को ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के लिए उनकी शूटिंग हुई थी। इस दौरान उन्होंने गायकी और अभिनय का प्रदर्शन किया। उनके अनुसार, उन्होंने खुद को 10 अंक दिए थे और शो में मौजूद सभी जजों ने भी उन्हें पूरे 10 में से 10 अंक दिए। इस तरह वह अपने एपिसोड के विजेता बने।सुभाष का दावा है कि जीतने पर उन्हें एक लाख रुपए नकद, एक मोबाइल फोन और 50 हजार रुपए का 'डिस्ट्रिक्ट' फूड वाउचर दिया गया था। एक लाख रुपए की इनामी राशि में से 30 हजार रुपए टीडीएस के रूप में काटे गए। इसके बाद 70 हजार रुपए उनके बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। सुभाष के मुताबिक, इनाम मिलने के बाद उन्हें भरोसा हो गया था कि उनका प्रदर्शन दर्शकों तक पहुंचेगा और इससे उन्हें पहचान मिलेगी।
शूटिंग के क्रम में चौथे या पांचवें नंबर पर था एपिसोड
सुभाष ने बताया कि शूटिंग के क्रम में उनका एपिसोड चौथे या पांचवें नंबर पर था। उन्हें उम्मीद थी कि जल्द ही इसे यूट्यूब पर अपलोड किया जाएगा और लोग उनका प्रदर्शन देख सकेंगे। लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी एपिसोड रिलीज नहीं हुआ।सुभाष का कहना है कि उनके लिए यह सिर्फ एक शो में हिस्सा लेने का मौका नहीं था, बल्कि वर्षों की मेहनत का नतीजा था। उन्हें लगा था कि 30 साल के संघर्ष के बाद आखिरकार उन्हें ऐसा मंच मिला है, जहां से उनका नाम और काम लोगों तक पहुंच सकता है।
मेकर्स से निराश हैं सुभाष
मीडिया से बातचीत में सुभाष ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें लगा था कि इस शो से उनका करियर आगे बढ़ेगा और जिंदगी बदल जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मेकर्स ने उनका बना-बनाया मौका छीन लिया। उनके मुताबिक, अगर एपिसोड रिलीज होता तो उन्हें अभिनय और गायकी के क्षेत्र में नए अवसर मिल सकते थे।फिलहाल सुभाष अहिरवार का एपिसोड रिलीज नहीं हुआ है। उनकी पूरी उम्मीद इसी शो से जुड़ी थी, लेकिन अब वह निराश हैं। उनका कहना है कि जिस मंच को उन्होंने अपने वर्षों के संघर्ष का बड़ा परिणाम समझा था, उसी से उन्हें सबसे ज्यादा पीड़ा मिली है।

