Samachar Nama
×

Drishyam 3 Box Office: पहले मंडे को कमाई में आई बड़ी गिरावट, फिर भी 300 करोड़ पार; जानें कितना हुआ कलेक्शन

Drishyam 3 Box Office: पहले मंडे को कमाई में आई बड़ी गिरावट, फिर भी 300 करोड़ पार; जानें कितना हुआ कलेक्शन

अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम: द कंक्लूजन’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के शुरुआती तीन दिनों में जबरदस्त कमाई की और अब चौथे दिन यानी पहले सोमवार को इसकी कमाई में गिरावट देखने को मिली है। हालांकि, इसके बावजूद फिल्म ने महज चार दिनों में वर्ल्डवाइड 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।

मंडे को फिल्म ने कितने करोड़ कमाए?

ट्रेड आंकड़ों के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ ने सोमवार को भारत में करीब 21 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। रविवार के मुकाबले यह करीब 65 फीसदी की गिरावट है। रविवार को फिल्म ने लगभग 61 करोड़ रुपये की कमाई की थी। सोमवार को फिल्म की औसत ऑक्यूपेंसी करीब 24 फीसदी रही।

फिल्म के भारत में चार दिनों का नेट कलेक्शन करीब 197.5 से 197.8 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। ऐसे में मंगलवार को फिल्म के 200 करोड़ क्लब में शामिल होने की उम्मीद है।

चार दिन में 303 करोड़ रुपये वर्ल्डवाइड

‘दृश्यम 3’ ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर भी तेज रफ्तार बनाए रखी है। सोमवार तक फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 303 करोड़ रुपये पहुंच गया। इसमें भारत से करीब 237 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन और विदेशों से करीब 66 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है।

फिल्म ने पहले दिन भारत में करीब 62 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। दूसरे दिन कमाई करीब 53.50 करोड़ रुपये रही, जबकि तीसरे दिन रविवार को फिल्म ने करीब 61 करोड़ रुपये कमाए। इसके बाद सोमवार को 21 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई।

मंडे की गिरावट के बावजूद मजबूत पकड़

वीकेंड के बाद सोमवार को फिल्मों की कमाई में गिरावट आम तौर पर देखने को मिलती है। ‘दृश्यम 3’ के मामले में भी ऐसा हुआ, लेकिन फिल्म ने फिर भी 20 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन किया। चार दिनों में 300 करोड़ का आंकड़ा पार करना फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

अजय देवगन, तब्बू, श्रिया सरन, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज जैसे कलाकारों से सजी यह फिल्म ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी और अंतिम कड़ी है। अब नजर मंगलवार के कलेक्शन पर है, जब फिल्म भारत में 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है।

Share this story

Tags