दिलजीत दोसांझ का जिमी फैलन शो में जलवा, वीडियो में देंखे सिखाया भांगड़ा और पंजाबी अंदाज़ से जीता दिल
पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए मंगलवार को अमेरिका के मशहूर टॉक शो में नजर आए। इस बार उन्होंने न केवल शो में परफॉर्म किया, बल्कि होस्ट जिमी फैलन को भांगड़ा भी सिखाया और अपने देसी अंदाज़ से माहौल पूरी तरह पंजाबी बना दिया।दिलजीत दोसांझ ने लोकप्रिय इंटरनेशनल शो में अपनी शानदार परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने शो के दौरान पंजाबी गानों पर परफॉर्म किया, जिससे स्टूडियो का माहौल पूरी तरह ऊर्जा से भर गया।
इस खास एपिसोड में दिलजीत ने शो के होस्ट जिमी फैलन को भी भांगड़ा सिखाया, और दोनों साथ में मंच पर थिरकते नजर आए। यह दृश्य दर्शकों के लिए काफी मनोरंजक और यादगार बन गया।दिलजीत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शो के स्टूडियो से एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें उनकी टीम दरवाजा खोलकर पूछती है—“क्या लगता था, नहीं लौटेंगे?” इसके बाद कैमरा दिलजीत की ओर घूमता है और वह मुस्कुराते हुए कहते हैं, “कहा था ना कि एक बार पंजाबी आ जाएं तो जल्दी नहीं जाते।”
वीडियो में आगे दिलजीत और जिमी फैलन दोनों मिलकर भांगड़ा करते दिखाई देते हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। फैंस इस वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं और दिलजीत की इंटरनेशनल अपील की जमकर तारीफ कर रहे हैं।जिमी फैलन के शो में दिलजीत की यह वापसी उनके वैश्विक लोकप्रियता को और मजबूत करती है। इससे पहले भी वह इस मंच पर अपनी परफॉर्मेंस दे चुके हैं, लेकिन इस बार उनका अंदाज और भी अधिक आत्मीय और मनोरंजक रहा। पंजाबी संस्कृति, संगीत और भांगड़ा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने के लिए दिलजीत को लगातार सराहना मिल रही है। उनका यह एपिसोड एक बार फिर साबित करता है कि पंजाबी म्यूजिक और संस्कृति की पहुंच अब वैश्विक मंचों तक मजबूती से बन चुकी है।

