Samachar Nama
×

दिलजीत दोसांझ ने CJP संस्थापक अभिजीत दीपके को दिया जवाब, वीडियो में बोले- पंजाबियों को लड़ना मत सिखाओ, शिकागो कॉन्सर्ट में पहुंचे थे दीपके; अब मांगी माफी

v

पंजाबी सिंगर और बॉलीवुड एक्टर दिलजीत दोसांझ ने शुक्रवार को दिल्ली में हुए अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' के पहले कॉन्सर्ट में आलोचकों को जवाब दिया। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में परफॉर्मेंस के दौरान उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के बयान पर प्रतिक्रिया दी। दिलजीत ने कहा कि वे एक कलाकार हैं और सभी लोगों का समर्थन करते हैं, लेकिन पंजाबियों को यह सिखाने की जरूरत नहीं है कि लड़ाई कैसे लड़ी जाती है।दिलजीत का यह बयान उस विवाद के बीच आया है, जो उनके एक पुराने बयान को लेकर शुरू हुआ था। अभिजीत दीपके ने पहले उन पर छात्र आंदोलन और NEET पेपर लीक के विरोध प्रदर्शन के मुद्दे पर खुलकर समर्थन नहीं देने को लेकर सवाल उठाए थे। दीपके ने यह भी कहा था कि कलाकारों को सरकार के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।

दिल्ली कॉन्सर्ट में दिलजीत ने क्या कहा?

दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शुक्रवार शाम परफॉर्मेंस के दौरान दिलजीत ने कहा, "मैं आप सभी से प्यार करता हूं, क्योंकि मैं एक आर्टिस्ट हूं। मैं चुप हूं, तो मुझे चुप ही रहने दो। मैं आप सभी का समर्थन करता हूं, लेकिन पंजाबियों को लड़ना मत सिखाओ।"उन्होंने अपनी फिल्म 'सतलुज' का जिक्र करते हुए भी नाराजगी जताई। दिलजीत ने कहा कि जिस फिल्म का मंच से मजाक उड़ाया जा रहा है, वह मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा पर आधारित है और उसे बनाने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा है। हालांकि उन्होंने अपने बयान में अभिजीत दीपके या CJP का नाम सीधे नहीं लिया।

क्या है दिलजीत और अभिजीत दीपके के बीच विवाद?

इस विवाद की शुरुआत जून में हुई थी। उस दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक और परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच एक सोशल मीडिया लाइव के दौरान दिलजीत से पूछा गया कि क्या वे प्रदर्शन में शामिल होंगे।इस पर दिलजीत ने कहा था कि उन्हें इन सब मामलों से दूर रखा जाए, क्योंकि वे एक कलाकार हैं, राजनेता नहीं। उनके इस जवाब पर कुछ लोगों ने नाराजगी जताई थी। अभिजीत दीपके ने भी उनकी आलोचना की थी और सवाल उठाया था कि फिल्मों में सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर काम करने वाले कलाकार को वास्तविक आंदोलनों पर भी अपनी बात रखनी चाहिए।

शिकागो कॉन्सर्ट में पहुंचे थे अभिजीत दीपके

इस पूरे विवाद के बीच एक दिलचस्प बात सामने आई है। अभिजीत दीपके ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि वे इसी साल मई में दिलजीत दोसांझ के शिकागो कॉन्सर्ट में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से दिलजीत के प्रशंसक रहे हैं और उनके संगीत के साथ-साथ उनकी शख्सियत का भी सम्मान करते हैं।दिलजीत के दिल्ली कॉन्सर्ट के बाद दीपके ने सोशल मीडिया पर एक खुला पत्र लिखकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जून में दिलजीत की टिप्पणी से उन्हें दुख पहुंचा था, लेकिन उनके मन में सिंगर के लिए सम्मान आज भी कायम है।

अभिजीत दीपके ने मांगी माफी

दीपके ने अपने संदेश में दिलजीत को बड़ा भाई बताते हुए उनसे माफ करने की अपील की। उन्होंने लिखा कि एक असहमति या गलतफहमी से उनके मन में दिलजीत के प्रति सम्मान और प्रशंसा कम नहीं हुई है। उन्होंने पंजाबी अंदाज में कहा, 'छोटा भाई समझकर मिट्टी पाओ।'इस तरह दिल्ली कॉन्सर्ट में दिलजीत के जवाब और उसके बाद अभिजीत दीपके के माफीनामे ने दोनों के बीच चल रहे विवाद को एक नया मोड़ दे दिया है

Share this story

Tags