‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ का धमाका जारी, 8वें दिन वर्ल्डवाइड 1,067 करोड़ के पार, फुटेज में देंखे टॉप 8 भारतीय फिल्मों में शामिल
रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है और अब यह वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल कर चुकी है। फिल्म ने कुल 1,067.24 करोड़ रुपए का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है और इसके साथ ही यह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में 8वें स्थान पर पहुंच गई है। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म ने ‘पठान’ (1,055 करोड़ रुपए) और ‘कल्कि 2898 एडी’ (1,042 करोड़ रुपए) को पीछे छोड़ दिया है। इस तरह फिल्म ने महज कुछ ही दिनों में बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बना ली है।
रिलीज के आठवें दिन (गुरुवार) फिल्म ने भारत में 49.70 करोड़ रुपए नेट का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 674 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है, जबकि भारत में ग्रॉस कलेक्शन 806 करोड़ रुपए हो चुका है। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, ग्रॉस कलेक्शन में टैक्स से पहले की कुल कमाई शामिल होती है, जबकि नेट कलेक्शन टैक्स कटौती के बाद की वास्तविक कमाई को दर्शाता है।
ओवरसीज मार्केट में भी फिल्म का प्रदर्शन मजबूत रहा है और अब तक यह 262 करोड़ रुपए की कमाई कर चुकी है। इसी के साथ फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1,067 करोड़ रुपए से अधिक हो गया है। भाषाओं के अनुसार कलेक्शन की बात करें तो आठवें दिन हिंदी वर्जन ने सबसे ज्यादा 46 करोड़ रुपए का योगदान दिया। इसके अलावा तेलुगु वर्जन ने 2.50 करोड़ रुपए, तमिल ने 90 लाख रुपए, कन्नड़ ने 20 लाख रुपए और मलयालम वर्जन ने 10 लाख रुपए की कमाई की।
फिल्म के लगातार बढ़ते कलेक्शन को देखते हुए ट्रेड एनालिस्ट इसे साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक मान रहे हैं। अब सभी की नजरें आने वाले दिनों के कलेक्शन पर टिकी हैं कि फिल्म और कितनी ऊंचाइयों को छूती है।

