‘काला हिरण: द बैटल फॉर लीगल’ विवाद में सलमान खान को दिल्ली HC का नोटिस, वीडियो में जाने फिल्म प्रोड्यूसर की याचिका पर मांगा जवाब
दिल्ली हाईकोर्ट ने ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लीगल’ फिल्म के प्रोड्यूसर अमित जानी की याचिका पर बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से जवाब मांगा है। मंगलवार को मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति अनूप जयराम भंभानी की पीठ ने सलमान खान को नोटिस जारी किया। फिल्म निर्माताओं ने कोर्ट से फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने के लिए दायर अलग-अलग मुकदमों की कार्यवाही पर रोक लगाने का अनुरोध किया है।बताया जा रहा है कि यह फिल्म कथित तौर पर साल 1998 के काले हिरण शिकार मामले से प्रेरित है। इसी मामले से जुड़े विवाद के चलते सलमान खान की ओर से फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गई है।
एक ही मुद्दे पर दो मुकदमों का तर्क
फिल्म निर्माता अमित जानी की ओर से कोर्ट में दलील दी गई कि इसी विवाद से जुड़ा एक मामला पहले से दिल्ली हाईकोर्ट में लंबित है। यह मामला सलमान खान की ओर से दायर पिछली याचिका से संबंधित है।निर्माता की ओर से कहा गया कि दोनों मामलों में विवाद का आधार एक ही फिल्म है। इसके अलावा फिल्म की प्रचार सामग्री और अभिनेता के व्यक्तित्व अधिकारों से जुड़े मुद्दे भी दोनों मामलों में शामिल हैं। ऐसे में एक ही विषय को लेकर अलग-अलग मुकदमों की कार्यवाही चलना उचित नहीं है।
फिल्म की रिलीज पर रोक की मांग
सलमान खान ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। उनकी ओर से फिल्म और उससे जुड़ी प्रचार सामग्री को लेकर आपत्ति जताई गई है। मामला अभिनेता के व्यक्तित्व अधिकारों से भी जुड़ा हुआ है।वहीं फिल्म निर्माता का कहना है कि विवाद से संबंधित मामला पहले से हाईकोर्ट के समक्ष विचाराधीन है। इसलिए उसी विषय को लेकर चल रही दूसरी कार्यवाही पर रोक लगाई जानी चाहिए।
कोर्ट ने सलमान से मांगा जवाब
मंगलवार को हुई सुनवाई में हाईकोर्ट ने फिल्म निर्माता की इस दलील पर सलमान खान से जवाब मांगा है। कोर्ट की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद अब अभिनेता का पक्ष सामने आने के बाद मामले में आगे की सुनवाई होगी।फिलहाल ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लीगल’ की रिलीज को लेकर विवाद अदालत में विचाराधीन है। फिल्म की रिलीज पर अंतिम स्थिति आगे की न्यायिक कार्यवाही और कोर्ट के आदेशों के बाद स्पष्ट होगी।

