Samachar Nama
×

समय रैना के ‘कजिन मतलब पति?’ वाले मजाक पर विवाद, वीडियो में जाने मौलाना कारी इसहाक गोरा ने जताई नाराजगी

समय रैना के ‘कजिन मतलब पति?’ वाले मजाक पर विवाद, वीडियो में जाने मौलाना कारी इसहाक गोरा ने जताई नाराजगी

कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर अपने शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ को लेकर विवादों में आ गए हैं। शो के दूसरे सीजन के एक एपिसोड में उनके ‘कजिन मतलब पति?’ वाले कमेंट पर सोशल मीडिया पर विरोध हो रहा है। अब सहारनपुर के मौलाना कारी इसहाक गोरा ने भी इस टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए समय रैना को पुराने विवादों से सबक लेने की सलाह दी है।

दरअसल, हाल ही में शो में महिला कंटेस्टेंट भाग्यश्री तार्के ने हिस्सा लिया था। वह अपने चर्चित काल्पनिक थिएटर किरदार ‘सलमा दीवानी’ के रूप में शो में पहुंची थीं। बातचीत के दौरान समय रैना ने उनसे पूछा कि वह किसके साथ आई हैं। इस पर भाग्यश्री ने बताया कि वह मुंबई में रहने वाले अपने कजिन के साथ आई हैं।इसके बाद शो की गेस्ट जज हुमा कुरैशी ने उनसे पूछा कि कौन से कजिन? इसी सवाल पर समय रैना ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘पति होंगे।’ उनकी इस टिप्पणी पर शो में मौजूद लोग हंसने लगे और माहौल हल्का-फुल्का हो गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

शो का यह हिस्सा सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद विवाद शुरू हो गया। कई यूजर्स ने समय रैना के कमेंट पर आपत्ति जताई। उनका आरोप है कि इस तरह के मजाक से मुस्लिम समुदाय को लेकर गलत धारणाओं को बढ़ावा मिलता है। कुछ लोगों ने इसे समुदाय विशेष को निशाना बनाकर किया गया मजाक भी बताया।

मौलाना कारी इसहाक गोरा ने दी नसीहत

इस मामले में सहारनपुर स्थित जमीयत दावत-उल-मुस्लिमीन के संरक्षक मौलाना कारी इसहाक गोरा ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि समय रैना पहले भी विवादों में रह चुके हैं। कुछ कॉमेडियन को यह अंदाजा नहीं होता कि वे क्या बोल रहे हैं और अपनी बातों के जरिए किस हद तक जा रहे हैं।

मौलाना ने कहा कि मजाक करने और किसी का मजाक उड़ाने में फर्क होता है। कॉमेडी के नाम पर ऐसी बातें नहीं कहनी चाहिए, जिनसे किसी समुदाय की भावनाएं आहत हों या उसके बारे में गलत धारणा बने।उन्होंने समय रैना को सलाह दी कि उन्हें अपने पुराने विवादों से सबक लेना चाहिए और बोलते समय अपनी सीमाओं का ध्यान रखना चाहिए। फिलहाल शो के इस कमेंट को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है।

Share this story

Tags