Samachar Nama
×

पाकिस्तानी वेब सीरीज पर भारत में विवाद, फुटेज में देंखे नेटफ्लिक्स को सरकार की दो टूक; 4 दिसंबर को होनी है रिलीज

पाकिस्तानी वेब सीरीज पर भारत में विवाद, फुटेज में देंखे नेटफ्लिक्स को सरकार की दो टूक; 4 दिसंबर को होनी है रिलीज

पाकिस्तान में बनी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की रिलीज को लेकर भारत में विवाद खड़ा हो गया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने बुधवार को नेटफ्लिक्स को स्पष्ट निर्देश दिया कि पाकिस्तान में बना कोई भी कंटेंट भारत में स्ट्रीम नहीं होना चाहिए। मंत्रालय ने प्लेटफॉर्म को मई 2025 में जारी एडवाइजरी का पालन करने और जून 2025 में सरकार से किए गए अपने वादे पर कायम रहने को कहा है।

दरअसल, इस वेब सीरीज का ट्रेलर मंगलवार को रिलीज किया गया था। सीरीज 4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाली है। इसके बाद भारत में इसकी संभावित रिलीज को लेकर विरोध शुरू हो गया। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को सीरीज की भारत में रिलीज को लेकर कई शिकायतें मिली थीं। इन शिकायतों के बाद मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को पुराने निर्देशों की याद दिलाई है।

मई 2025 की एडवाइजरी का पालन करने के निर्देश

मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 को जारी एडवाइजरी का पालन करने को कहा है। इस एडवाइजरी के तहत पाकिस्तान में बने कंटेंट को भारत में उपलब्ध नहीं कराया जाना चाहिए। सरकार का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म को इस निर्देश का पालन करना होगा।इसके साथ ही मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को जून 2025 में सरकार से किए गए वादे की भी याद दिलाई। उस समय प्लेटफॉर्म ने सरकार को बताया था कि उसने भारतीय सब्सक्राइबर्स के लिए पाकिस्तान में बनी कोई फिल्म या वेब सीरीज उपलब्ध नहीं कराई है। मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से इसी फैसले पर कायम रहने को कहा है।

4 दिसंबर को रिलीज होगी वेब सीरीज

'जो बचे हैं संग समेट लो' का ट्रेलर मंगलवार को जारी किया गया था। इसकी रिलीज डेट 4 दिसंबर तय की गई है। हालांकि, अभी तक नेटफ्लिक्स ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि सीरीज भारत में भी स्ट्रीम होगी या इसे केवल पाकिस्तान और दूसरे देशों में रिलीज किया जाएगा।भारत में इस सीरीज की संभावित रिलीज को लेकर सवाल उठने के बाद अब नेटफ्लिक्स के फैसले पर सबकी नजर है। फिलहाल प्लेटफॉर्म की ओर से इस मामले में कोई स्पष्ट आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

दो फिल्म संगठनों ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

इस वेब सीरीज की रिलीज का भारत में विरोध भी शुरू हो गया है। देश के दो फिल्म संगठनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। संगठनों ने पाकिस्तानी कंटेंट की भारत में रिलीज को लेकर अपनी आपत्ति जताई है।इस पूरे मामले के बाद नेटफ्लिक्स के सामने भारत सरकार की एडवाइजरी और अपने पहले के वादे का पालन करने का सवाल खड़ा हो गया है। अब देखना होगा कि 4 दिसंबर को सीरीज की रिलीज के दौरान भारतीय दर्शकों के लिए यह उपलब्ध होती है या नहीं।

Share this story

Tags