CBFC का हुआ पुनर्गठन, वीडियो में जाने प्रीति जिंटा-सुनील शेट्टी-पंकज त्रिपाठी समेत 18 सदस्य नए बोर्ड में शामिल
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड यानी CBFC का पुनर्गठन कर दिया है। सरकार ने 16 सितंबर 2026 को 18 सदस्यीय नए बोर्ड की घोषणा की। नए बोर्ड में फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के कई चर्चित चेहरों के साथ संगीत, निर्देशन, लेखन और कला जगत से जुड़ी हस्तियों को भी शामिल किया गया है। नया बोर्ड तत्काल प्रभाव से तीन साल की अवधि या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, काम करेगा। यह नियुक्ति सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, 1952 और सिनेमैटोग्राफ (प्रमाणन) नियमावली, 2024 के तहत की गई है।
प्रीति जिंटा से लेकर सुनील शेट्टी तक शामिल
18 सदस्यीय नए बोर्ड में बॉलीवुड के कई जाने-पहचाने नाम हैं। अभिनेत्री प्रीति जिंटा और अभिनेता सुनील शेट्टी को बोर्ड का सदस्य बनाया गया है। इनके अलावा अभिनेता पंकज त्रिपाठी, टीवी अभिनेत्री रूपाली गांगुली, अभिनेत्री पल्लवी जोशी और बंगाली सिनेमा के अभिनेता प्रसेनजीत चटर्जी भी नई टीम का हिस्सा हैं।बोर्ड में अभिनेता मनोज जोशी को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े अभिषेक जैन और प्रियदर्शन जैसे नाम भी नई टीम में हैं। सरकार की ओर से जारी सूची में सभी 18 सदस्यों के नाम शामिल किए गए हैं।
संगीत और कला जगत की हस्तियों को भी जगह
नए CBFC बोर्ड में केवल अभिनेता और फिल्म निर्देशक ही नहीं हैं। संगीत और साहित्य सहित अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी हस्तियों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। तीन बार ग्रैमी अवॉर्ड जीत चुके संगीतकार रिकी केज को बोर्ड में शामिल किया गया है। इसके साथ ही पंजाबी संगीत जगत से जुड़े हंसराज हंस भी सदस्य बनाए गए हैं।फिल्म निर्देशक नीला माधव पांडा और प्रियदर्शन भी बोर्ड का हिस्सा होंगे। वहीं लेखन और साहित्य से जुड़े यतींद्र मिश्र, थिएटर से जुड़े वामन केंद्रे और अन्य क्षेत्रों की हस्तियों को भी सदस्यता दी गई है।
ये हैं नए बोर्ड के 18 सदस्य
सरकार की ओर से जारी सूची के मुताबिक नए CBFC बोर्ड में विनोद अनुपम, मनोज जोशी, अभिषेक जैन, रिकी केज, प्रियदर्शन, सुनील शेट्टी, हंसराज हंस, सुप्रिया यारलागड्डा, यतींद्र मिश्र, रूपाली गांगुली, प्रीति जिंटा, नीला माधव पांडा, पंकज त्रिपाठी, प्रसेनजीत चटर्जी, पल्लवी जोशी, निशिगंधा वाड, वामन केंद्रे और रमेश पतंगे शामिल हैं।
फिल्मों के प्रमाणन में अहम भूमिका निभाता है CBFC
केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड सूचना और प्रसारण मंत्रालय के तहत एक वैधानिक निकाय है। इसका काम सिनेमैटोग्राफ अधिनियम और संबंधित नियमों के तहत सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए फिल्मों को प्रमाणित करना है। CBFC के प्रमाणन के बाद ही फिल्मों का भारत में सार्वजनिक प्रदर्शन किया जा सकता है। बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालयों और सलाहकार पैनलों के जरिए फिल्मों के प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी की जाती है।मंत्रालय के मुताबिक CBFC फिल्मों के प्रमाणन की प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से भी संचालित करता है। ई-सिनेप्रमाण प्रणाली के जरिए फिल्म प्रमाणन से जुड़ी आवेदन और प्रक्रिया ऑनलाइन की जाती है।अब नए 18 सदस्यीय बोर्ड के सामने फिल्मों के प्रमाणन से जुड़ी जिम्मेदारियां होंगी। बोर्ड की नई टीम अगले तीन वर्षों या सरकार के अगले आदेश तक अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी।

