भूमि पेडनेकर ने ऑनलाइन धमकियों पर जताई चिंता, वीडियो में बोलीं- 'नफरत नहीं, संवेदनशीलता और सम्मान जरूरी'
अभिनेत्री भूमि पेडनेकर एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। CJP प्रदर्शन और उसमें इस्तेमाल की गई भाषा को लेकर दिए गए अपने बयान के बाद अब उन्होंने एक नया वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में उन्होंने सोशल मीडिया पर बढ़ते ऑनलाइन उत्पीड़न और धमकियों पर चिंता जताते हुए लोगों से संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने की अपील की है। भूमि ने कहा कि उन्होंने इंटरनेट पर एक वीडियो देखा, जिसमें प्रदर्शन में शामिल एक युवा छात्रा इंटरव्यू देती नजर आ रही है। वीडियो वायरल होने के बाद से उस छात्रा को लगातार धमकियां और आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है।
वायरल वीडियो के बाद बढ़ीं धमकियां
जानकारी के अनुसार, जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान एक नाबालिग छात्रा का इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में छात्रा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने के बाद उसे सोशल मीडिया पर लगातार धमकियां मिलने लगीं।इसी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भूमि पेडनेकर ने कहा कि किसी भी व्यक्ति, विशेषकर एक युवा छात्रा, को इस तरह निशाना बनाना उचित नहीं है।
"ऑनलाइन उत्पीड़न मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है"
भूमि पेडनेकर ने अपने वीडियो में कहा कि सोशल मीडिया पर किसी को लगातार डरावने संदेश भेजना, ट्रोल करना या धमकियां देना उसके मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव डाल सकता है।उन्होंने कहा कि मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन किसी व्यक्ति के पीछे पड़ जाना या उसे डराने-धमकाने का प्रयास करना सही नहीं है।
सम्मान और सहानुभूति की अपील
अभिनेत्री ने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते समय संवेदनशीलता, सम्मान और सहानुभूति बनाए रखें। उन्होंने कहा कि किसी की राय से असहमति हो सकती है, लेकिन इसका जवाब नफरत या व्यक्तिगत हमलों से नहीं दिया जाना चाहिए।भूमि ने कहा कि समाज में स्वस्थ संवाद और सकारात्मक माहौल तभी बन सकता है, जब लोग एक-दूसरे की बात सम्मानपूर्वक सुनें और असहमति को भी सभ्य तरीके से व्यक्त करें।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
भूमि पेडनेकर का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर नई बहस शुरू हो गई है। एक ओर कई लोगों ने ऑनलाइन धमकियों के खिलाफ उनकी अपील का समर्थन किया, वहीं कुछ यूजर्स ने प्रदर्शन के दौरान इस्तेमाल की गई भाषा को भी अनुचित बताया।लहाल अभिनेत्री का संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य की अहमियत पर जोर देते हुए लोगों से नफरत के बजाय जिम्मेदार और संवेदनशील व्यवहार अपनाने की अपील की है।

