शाहरुख खान से तुलना होना मेरे लिए तारीफ की बात: वीडियो में आर्यन खान बोले- वह नंबर-1 हैं, पिता के लिए किया ‘बीस्ट’ शब्द का इस्तेमाल
बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे और फिल्म निर्माता आर्यन खान का कहना है कि पिता से उनकी तुलना होना उनके लिए परेशानी की बात नहीं है। वह इसे अपने लिए तारीफ मानते हैं। आर्यन ने यह बात अमेरिकी मैगजीन टाइम को दिए एक इंटरव्यू में कही। 19 नवंबर को उन्हें मैगजीन की पहली टाइम100 नेक्स्ट इंडिया सूची में जगह मिली। इस सूची में देश की 100 उभरती हुई हस्तियों को शामिल किया गया है। आर्यन के साथ फिल्म निर्माता पायल कपाड़िया और थेजा रियो भी मैगजीन के एक कवर पर नजर आए। इस उपलब्धि के बाद आर्यन ने इंटरव्यू में अपने पिता शाहरुख खान के साथ रिश्ते और उनसे होने वाली तुलना को लेकर खुलकर बात की।
शाहरुख से तुलना को बताया सम्मान की बात
इंटरव्यू के दौरान आर्यन से पूछा गया कि शाहरुख खान का बेटा होने के कारण जब लोग उनकी तुलना पिता से करते हैं, तो उन्हें कैसा महसूस होता है? इस सवाल के जवाब में आर्यन ने कहा कि उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है। वह इसे तारीफ के रूप में लेते हैं।आर्यन ने कहा, "हर किसी की उनकी तुलना की गई है। अगर मैं भी उन लोगों में से एक हूं, तो इसमें कोई परेशानी नहीं है। नंबर-1 इंसान से तुलना होना मेरे लिए तारीफ की बात है। वे एक अलग ही शख्सियत हैं।"आर्यन ने अपने पिता की असाधारण प्रतिभा और प्रभाव को बताने के लिए अंग्रेजी शब्द 'बीस्ट' का इस्तेमाल किया। इस शब्द के जरिए उन्होंने शाहरुख खान की खास शख्सियत और उनकी क्षमताओं की तारीफ की।
सलमान खान के कैमियो का भी सुनाया किस्सा
इंटरव्यू में आर्यन खान ने अपनी वेब सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' में सलमान खान के कैमियो से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि सीरीज की शूटिंग के दौरान उन्हें पता चला कि सलमान खान भी उसी जगह मौजूद हैं, जहां उनकी टीम शूटिंग कर रही थी।इसके बाद आर्यन ने सलमान की टीम को संदेश भेजकर पूछा कि क्या वह उनसे मिलने आ सकते हैं। हालांकि, जवाब में सलमान ने खुद आर्यन के सेट पर आने की बात कह दी। इस तरह सलमान खान सीरीज के सेट पर पहुंचे और उन्होंने इसमें कैमियो किया।
पहली टाइम100 नेक्स्ट इंडिया सूची में मिली जगह
टाइम की पहली टाइम100 नेक्स्ट इंडिया सूची में आर्यन खान को शामिल किया जाना उनके करियर के लिए एक अहम उपलब्धि है। इस सूची के जरिए देश की उन 100 उभरती हस्तियों को पहचान दी गई है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं। आर्यन के साथ पायल कपाड़िया और थेजा रियो का भी मैगजीन के कवर पर नजर आना भारतीय फिल्म जगत के लिए खास माना जा रहा है।

