गणेश चतुर्थी पर बॉलीवुड में बप्पा की भक्ति, फुटेज में देंखे शिल्पा शेट्टी ने ढोल पर किया डांस; संजय दत्त ने घायल पैपराजी की मदद की
गणेश चतुर्थी के मौके पर पूरे देश में गणपति उत्सव की धूम है। मायानगरी मुंबई में भी बॉलीवुड सितारे बप्पा की भक्ति में रंगे नजर आ रहे हैं। शिल्पा शेट्टी, संजय दत्त, गोविंदा और अजय देवगन समेत कई फिल्मी सितारों ने गणपति बप्पा के दर्शन किए। इस दौरान सितारों के अलग-अलग अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा में रहे।
शिल्पा शेट्टी ने घर पर किया बप्पा का स्वागत
एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने गणेश चतुर्थी पर अपने घर पर गणपति बप्पा का स्वागत पूरे उत्साह के साथ किया। बप्पा के स्वागत के लिए ढोल-नगाड़ों का इंतजाम किया गया था। ढोल की थाप सुनते ही शिल्पा शेट्टी खुद को रोक नहीं पाईं और जमकर डांस करने लगीं।खास बात यह रही कि शिल्पा ने वहां मौजूद पैपराजी के साथ भी डांस किया। वह फोटोग्राफर्स के साथ कदम से कदम मिलाकर थिरकती नजर आईं। उनका यह अंदाज वहां मौजूद लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।
संजय दत्त ने घायल पैपराजी की मदद के लिए बढ़ाया हाथ
एक्टर संजय दत्त भी गणपति दर्शन के लिए समाजसेवी राहुल कनल के घर पहुंचे। इसी दौरान उनकी नजर एक घायल पैपराजी पर पड़ी। बताया गया कि बाइक एक्सीडेंट में फोटोग्राफर के पैर में चोट लगी थी।घायल फोटोग्राफर को देखते ही संजय दत्त ने अपना काफिला रुकवाया और उसका हालचाल जाना। उन्होंने उसकी चोट के बारे में जानकारी ली और मदद के लिए हाथ बढ़ाया। संजय दत्त के इस व्यवहार ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।
गोविंदा ने परिवार के साथ किए बप्पा के दर्शन
अमेरिका से लौटे अभिनेता गोविंदा ने भी घर पहुंचने के बाद परिवार के साथ गणपति बप्पा के दर्शन किए। उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि और अपने बच्चों के बेहतर भविष्य की कामना की। गणेश उत्सव के मौके पर गोविंदा का परिवार भी बप्पा की भक्ति में डूबा नजर आया।
अजय देवगन पहुंचे लालबागचा राजा
वहीं अभिनेता अजय देवगन भी मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे। गणेश उत्सव के दौरान लालबागचा राजा के दरबार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। अजय देवगन ने भी बप्पा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।गणेश चतुर्थी के मौके पर बॉलीवुड सितारों के ये वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं। कोई अपने घर पर गणपति की स्थापना कर रहा है तो कोई सार्वजनिक गणेश पंडालों में पहुंचकर बप्पा के दर्शन कर रहा है। सितारों की मौजूदगी से मुंबई में चल रहे गणेश उत्सव का उत्साह और बढ़ गया है

