सैफ अली खान से अमिताभ बच्चन का निकला खास पारिवारिक रिश्ता, वीडियो में देंखे KBC में बोले- ‘बहुत से लोगों को नहीं पता कि ये हमारे रिश्ते में हैं’
बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने हाल ही में अभिनेता सैफ अली खान के साथ अपने पारिवारिक रिश्ते का खुलासा किया। सैफ अली खान अपनी अपकमिंग फिल्म ‘हैवान’ के को-स्टार अक्षय कुमार के साथ टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) में पहुंचे थे। इसी दौरान अमिताभ ने सैफ को उनके परिवार से जुड़ा एक दिलचस्प कनेक्शन बताया।
अमिताभ की बात सुनकर हैरान हुए सैफ
शो के सामने आए प्रोमो में अमिताभ बच्चन सैफ अली खान से कहते नजर आए, “बहुत से लोगों को नहीं पता कि ये हमारे रिश्ते में हैं।”अमिताभ की यह बात सुनकर सैफ हैरान रह गए और उन्होंने तुरंत पूछा, “मैं?” इसके बाद अमिताभ ने कपूर और नंदा परिवार के जरिए सैफ और बच्चन परिवार के बीच रिश्ते का कनेक्शन समझाया।
राज कपूर की बेटी से जुड़ा है रिश्ता
अमिताभ बच्चन ने बताया, “राज कपूर की बेटी रितु का बेटा निखिल मेरी बेटी श्वेता से शादीशुदा है।”दरअसल, अमिताभ की बेटी श्वेता बच्चन की शादी निखिल नंदा से हुई है। निखिल नंदा की मां रितु नंदा, मशहूर फिल्ममेकर और अभिनेता राज कपूर की बेटी थीं। इस तरह कपूर और नंदा परिवार के जरिए बच्चन परिवार का कनेक्शन सैफ अली खान के परिवार से जुड़ता है।
अमिताभ ने मजाक में पूछा- करीना आपको क्या कहेंगी?
रिश्ते का कनेक्शन समझाने के बाद अमिताभ बच्चन ने सैफ से मजाकिया अंदाज में पूछा कि आखिर करीना कपूर उन्हें क्या कहेंगी?अमिताभ के इस सवाल पर सैफ ने मजाक में जवाब दिया, “भगवान का शुक्र है कि यह सवाल शो में नहीं है।” सैफ का जवाब सुनकर सेट पर मौजूद अक्षय कुमार और बाकी लोग भी हंस पड़े।
कपूर परिवार से सैफ का भी है गहरा रिश्ता
सैफ अली खान की पत्नी करीना कपूर खान कपूर परिवार से ताल्लुक रखती हैं। करीना, रणधीर कपूर और बबीता की बेटी हैं और राज कपूर की पोती हैं। वहीं निखिल नंदा की मां रितु नंदा भी राज कपूर की बेटी थीं।इस रिश्ते के कारण बच्चन, नंदा, कपूर और सैफ-करीना परिवारों के बीच पारिवारिक जुड़ाव काफी दिलचस्प हो जाता है। KBC में इसी कनेक्शन पर अमिताभ और सैफ के बीच हुई मजेदार बातचीत अब चर्चा में है।

