रिलीज से पहले अल्लू अर्जुन की ‘राका’ ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड, 37 कलाकारों का एक साथ हुआ मोशन कैप्चर
साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन और निर्देशक एटली की अपकमिंग फिल्म ‘राका’ ने रिलीज से पहले ही बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। फिल्म ने ‘मोस्ट पीपल मोशन-कैप्चर्ड इन रियल-टाइम’ कैटेगरी में आधिकारिक तौर पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इस रिकॉर्ड के तहत एक ही सेशन में 37 कलाकारों के मोशन को एक साथ रियल-टाइम में ट्रैक और कैप्चर किया गया। खास बात यह रही कि इस ऐतिहासिक मोशन-कैप्चर सेशन में अलग-अलग उम्र के कलाकार शामिल हुए। इनमें 4 साल के बच्चे से लेकर 70 साल की उम्र के बुजुर्ग कलाकार तक मौजूद थे। इतने बड़े स्तर पर मोशन कैप्चर करने के लिए मेकर्स ने अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया।
लॉस एंजिल्स से मंगवाए गए आधुनिक उपकरण
फिल्म के बड़े मोशन-कैप्चर सेटअप को तैयार करने के लिए मेकर्स ने लॉस एंजिल्स से आधुनिक तकनीक और उपकरण मंगवाए और भारत में ही इसका बेस तैयार किया। फिल्म के एक सेशन में 92 ऑप्टिकल मोशन-कैप्चर कैमरों का इस्तेमाल किया गया। इन कैमरों के जरिए कलाकारों की गतिविधियों को बेहद सटीक तरीके से रिकॉर्ड किया गया।इसके अलावा रियल-टाइम अनरियल विजुअलाइजेशन, फेसियल कैप्चर और एडवांस नेटवर्क सिस्टम को एक साथ सिंक किया गया। इस तकनीक की मदद से कलाकारों की बॉडी मूवमेंट और चेहरे के हाव-भाव को डिजिटल कैरेक्टर में बदलने की प्रक्रिया को रियल-टाइम में अंजाम दिया गया।
टेक्निकल डायरेक्टर ने बताया कितना मुश्किल है काम
सन पिक्चर्स की ओर से जारी वीडियो में मोशन कैप्चर टेक्निकल डायरेक्टर ब्रायन रौश ने इस तकनीक को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि आमतौर पर लोगों को लगता है कि मोशन कैप्चर या एनीमेशन के लिए सिर्फ एक बटन दबाना होता है और तुरंत नतीजा मिल जाता है। हालांकि, वास्तविक प्रक्रिया इससे कहीं ज्यादा जटिल होती है।उन्होंने संकेत दिया कि इतने बड़े पैमाने पर कलाकारों के मूवमेंट को एक साथ रिकॉर्ड करने के लिए तकनीक, कैमरा सिस्टम और नेटवर्किंग के बीच बेहतर तालमेल जरूरी होता है।
फिल्म में नजर आएंगे कई मोशन-कैप्चर कैरेक्टर
फिल्म के सिनेमैटोग्राफर जीके विष्णु ने भी ‘राका’ के विजुअल्स को लेकर जानकारी दी। उनके मुताबिक फिल्म में कई मोशन-कैप्चर कैरेक्टर देखने को मिलेंगे। इन कैरेक्टर्स के बीच बड़े स्तर पर एक्शन और इंटरैक्शन को फिल्माया गया है।अल्लू अर्जुन और एटली की इस फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों में काफी उत्सुकता है। रिलीज से पहले गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने के बाद फिल्म की तकनीकी खासियतों को लेकर भी चर्चा बढ़ गई है। अब देखना होगा कि बड़े पैमाने पर इस्तेमाल की गई मोशन-कैप्चर तकनीक फिल्म के अंतिम विजुअल्स में किस तरह नजर आती है।

